Dale Steyn on IPL: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने SA20 लीग की जबरदस्त सफलता का राज खोला है। उनका मानना है कि आईपीएल और SA20 के बीच बेहतरीन तालमेल ने इस लीग को ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। साथ ही SA20 ने कोरोना के बाद खाली पड़े स्टेडियमों में फिर से दर्शकों की भीड़ लौटाई है।SA20 के पहले चार सीजन शानदार रहे हैं। क्रिकेट साउथ अफ्रीका को उम्मीद है कि पांचवां सीजन भी इसी रफ्तार से चलेगा। पांचवें सीजन से पहले चुनिंदा मीडिया से बात करते हुए स्टेन ने कहा, "दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट के लिए तरस रहा था। कोरोना ने हमारे यहां भी खेल रोक दिया था। लोकल खेलों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। लेकिन ग्रीम स्मिथ और उनकी टीम ने SA20 के जरिए देश में क्रिकेट को वापस ला दिया। "स्टेन ने आगे कहा, "लोग लाइव क्रिकेट देखने को बेताब थे। हमने उन्हें वही दिया जो वो चाहते थे। फैन्स ने SA20 को हाथों-हाथ लिया। लीग ने भी किसी को निराश नहीं किया। आज हाल ये है कि अपनी-अपनी टीमों को सपोर्ट करने के लिए लोग बड़ी संख्या में स्टेडियम भर रहे हैं।"
आईपीएल कनेक्शन बना गेमचेंजर
स्टेन के मुताबिक SA20 की कामयाबी में आईपीएल का बड़ा हाथ है। पहला, दक्षिण अफ्रीका के ज्यादातर क्रिकेटर लगातार आईपीएल खेलते हैं। दूसरा, SA20 की कई टीमों के मालिक भारतीय हैं। उन्होंने कहा, "भारत और दक्षिण अफ्रीका के रिश्ते हमेशा शानदार रहे हैं। SA20 आने के बाद ये और मजबूत हुए। ईस्टर्न केप, एमआई केपटाउन जैसी टीमों के मालिक भारतीय हैं। इसका बहुत फायदा मिला।" स्टेन ने बताया कि क्रिकेट साउथ अफ्रीका शेड्यूल बनाते वक्त खास ध्यान रखता है। "हमारी कोशिश रहती है कि SA20 की वजह से खिलाड़ियों का आईपीएल प्रभावित न हो। इसलिए हमारे ज्यादातर प्लेयर पूरा आईपीएल खेल पाते हैं। इससे दोनों लीग को फायदा होता है।"
क्या भारत में होगा SA20?
जब स्टेन से पूछा गया कि जैसे बिग बैश लीग 2026-27 के कुछ मैच चेन्नई में होंगे, क्या SA20 भी भारत आ सकता है, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। स्टेन बोले, "SA20 की सबसे बड़ी ताकत यहां के दर्शक हैं। दक्षिण अफ्रीकी फैन्स से उनकी लीग छीनना गलत होगा। भारतीयों के पास तो दुनिया की सबसे बड़ी लीग आईपीएल है ही। SA20 अपने देश में सुपरहिट है। इसे बाहर ले जाने की कोई जरूरत नहीं है।" स्टेन की बातों से साफ है कि लोकल फैन्स का जुनून और आईपीएल से स्मार्ट तालमेल, यही SA20 की सफलता के दो सबसे बड़े मंत्र हैं।
