क्रिकेट

CSK vs PBKS Pitch Report: चेन्नई और पंजाब के बीच आज के आईपीएल मैच की पिच रिपोर्ट

IPL 2025, CSK vs PBKS Pitch Report In Hindi Today Match: आज (30 April 2025) आईपीएल 2025 में एक बहुत अहम मुकाबला खेला जाना है। इस मैच में आमने-सामने होंगी चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स की टीमें। ये मुकाबला चेन्नई के मैदान पर खेला जाएगा। चेन्नई अब तक सिर्फ 2 मैच जीत सकी है और अगर उसे थोड़ी बहुत गणित के जरिए प्लेऑफ में जाने की अपनी उम्मीदें जिंदा रखनी है तो हर मैच जीतना ही होगा। वहीं पंजाब किंग्स ने 5 मैच जीते हैं और वो बेहतर स्थिति में हैं। यहां हम जानेंगे इस मैच की पिच रिपोर्ट।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम पंजाब किंग्स मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2025 में आज खेला जाएगा 49वां मैच
  • चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने
  • मुकाबला चेन्नई के मैदान पर खेला जाना है

CSK vs PBKS Pitch Report In Hindi Today Match IPL 2025: टी20 क्रिकेट की सबसे विशाल व महंगी लीग आईपीएल के 18वें संस्करण का आज 49वां मैच खेला जाना है। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स (Chennai Super Kings vs Punjab Kings) के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मैच का आयोजन चेन्नई (Chennai) में होना है। ये मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। चेन्नई सुपर किंग्स की कमान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के हाथों में है। वहीं, पंजाब किंग्स की अगुवाई श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) करेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक इस सीजन में 9 मैच खेले हैं जिनमें उसके हाथ सिर्फ दो जीत आई हैं और 7 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं दूसरी तरफ पंजाब किंग्स की टीम है जिसने अपने नौ मुकाबलों में 5 मैच जीते हैं जबकि 3 मुकाबलों में उसे हार मिली है। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आज का मुकाबला बहुत महत्वपूर्ण है या कहें तो उनके लिए हर अगला मुकाबला अहम है। उन्हें अगर आईपीएल प्लेऑफ में जगह बनाने की कुछ उम्मीदें जिंदा रखनी है तो ना सिर्फ अपने बाकी बचे सभी 5 मैच जीतने होंगे, बल्कि अच्छे नेट रन रेट के साथ। इसके अलावा ये भी उम्मीद करनी होगी कि शीर्ष की चार टीमों में कम से कम तीन टीमें 14 या उससे कम अंक तक सीमित रहें।

इंडियन प्रीमियर लीग में आज होने वाले चेन्नई-पंजाब मैच से पहले अंक तालिका में दोनों टीमों की पोजीशन व स्थिति भी बता देते हैं। चेन्नई की टीम इस समय अंक तालिका में कुल 4 अंकों के साथ दसवें स्थान पर है और उसका नेट रन रेट -1.302 है। जबकि पंजाब किंग्स की टीम प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से बनी हुई है। वे 11 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर हैं और उनका नेट रन रेट 0.177 है। चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच मौजूदा आईपीएल सीजन में एक मैच खेला जा चुका है जो पंजाब के होम ग्राउंड पर हुआ था। उस मैच में पंजाब की टीम 18 रन से जीत गई थी। अब तक आईपीएल इतिहास में चेन्नई और पंजाब की टीमों के बीच 31 मुकाबले खेले जा चुके हैं जिनमें 16 बार चेन्नई की टीम को जीत मिली है। जबकि पंजाब किंग्स ने 15 बार चेन्नई सुपर किंग्स को मात दी है। आज होने वाला मुकाबला चेन्नई के मैदान पर होगा। इस मैदान पर चेन्नई और पंजाब के बीच आईपीएल इतिहास में आज तक 8 मैच हुए हैं जिनमें दोनों टीमों ने चार-चार मैच जीते हैं। हालांकि इस बार अपने मैदान पर चेन्नई की टीम लगातार हारती दिख रही है और आज वो स्थानीय फैंस के लिए इस स्थिति को जरूर बदलना चाहेंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम पंजाब किंग्स आज के मैच की पिच रिपोर्ट (CSK vs PBKS Pitch Report)

आज पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और मेहमान टीम पंजाब किंग्स की टीम बीच होने वाला मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (MA Chidambaram Stadium) पर खेला जाना है। इस मैदान पर आईपीएल 2025 में चेपॉक के मैदान पर 5 मुकाबले हुए हैं। इन मैचों में 2 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते, वहीं बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम 3 मैचों में विजयी रही। चेन्नई में हुए इन 5 मुकाबलों की 10 पारियों में सिर्फ एक ही मैच ऐसा रहा जिसमें गेंदबाज किसी टीम को ऑलआउट करने में सफल रहे। वो मैच यहां खेला गया आखिरी मैच था जिसमें हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने वाली चेन्नई सुपर किंग्स को 154 रन पर समेट दिया था और बाद में 18.4 ओवर में सिर्फ पांच विकेट गंवाते हुए टारगेट हासिल करके 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब तक इस सीजन में खेले गए मैचों में सबसे बड़ा स्कोर चेन्नई की पिच पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने मेजबान टीम के खिलाफ बनाया था। उस मैच में बेंगलुरू ने 196 रन बनाए थे और बाद में चेन्नई को 146 रन पर रोकते हुए मैच अपने नाम कर लिया था। एमए चिदंबरम स्टेडियम स्पिनर्स की फिरकी के लिए मशहूर रही है लेकिन यहां इस बार पेसर भी खूब चले हैं। मौजूदा सीजन के अन्य मुकाबलों में चेन्नई की पिच पर कोलकाता-चेन्नई मैच एक कम स्कोर वाला मुकाबला था। उस मैच में CSK 103 रन ही बना पाई थी। केकेआर ने सिर्फ 2 विकेट गंवाते हुए वो मैच जीत लिया था। आईपीएल इतिहास में इस मैदान पर अब तक 90 मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 51 बार जीत हासिल की है और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 39 बार मैच जीता है।

चेन्नई के चेपॉक मैदान पर पिछले 5 आईपीएल मैचों के स्कोरकार्ड (Last 5 IPL Matches Scorecards Played At Chennai)

मैच की तारीख दोनों टीमें स्कोरकार्ड मुकाबले का नतीजा
23 मार्च 2025मुंबई-चेन्नईमुंबई- 155/9, चेन्नई- 158/6 (19.1 ओवर)चेन्नई 4 विकेट से जीता
28 मार्च 2025चेन्नई-बेंगलुरूबेंगलुरू- 196/7, चेन्नई- 146/8बेंगलुरू 50 रन से जीता
5 अप्रैल 2025चेन्नई-दिल्लीदिल्ली- 183/6, चेन्नई- 158/5दिल्ली 25 रन से जीता
11 अप्रैल 2025कोलकाता-चेन्नईचेन्नई- 103/9, कोलकाता- 107/2कोलकाता 8 विकेट से जीता
25 अप्रैल 2025हैदराबाद-चेन्नईचेन्नई- 154 ऑल-आउट, हैदराबाद- 155/5 (18.4 ओवर)हैदराबाद 5 विकेट से जीता

आज चेन्नई और पंजाब के बीच होने वाले आईपीएल 2025 मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें (Players To Watch Out For In Chennai vs Punjab IPL Match Today)

आईपीएल 2025 में आज जब मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स मेहमान पंजाब की टीम से टकराएगी, तब तमाम दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर अपना दम दिखाने के लिए मौजूद रहेंगे। चेन्नई की तरफ से शेख रशीद (Shaik Rasheed), मथीशा पथिराना (Matheesha Pathirana), आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre), रचिन रवींद्र (Rachin Ravindra), खलील अहमद (Khaleel Ahmed), नूर अहमद (Noor Ahmad) और शिवम दुबे (Shivam Dubey) से सबसे ज्यादा उम्मीदें रहेंगी। वहीं, पंजाब किंग्स के लिए कप्तान श्रेयस के अलावा शशांक सिंह (Shashank Singh), प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh), अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh), आईपीएल के सबसे सफल स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) और युवा ओपनर प्रियांश आर्य (Priyansh Arya) पर नजरें टिकी रहेंगी।

चेन्नई और पंजाब की आईपीएल 2025 में टीमें (CSK and PBKS Full Squads In IPL 2025)

चेन्नई सुपर किंग्स की टीमः महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), नूर अहमद, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, मथीशा पथिराना, डेवोन कॉनवे, सैयद खलील अहमद, रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी, विजय शंकर, सैम कुरेन, शेख राशिद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन, वंश बेदी, आंद्रे सिद्धार्थ, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्णन घोष, श्रेयस गोपाल, दीपक हुडा, रुतुराज गायकवाड़ (चोटिल), नाथन एलिस और आयुष म्हात्रे।

पंजाब किंग्स की टीमः श्रेयस अय्यर (कप्तान), युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, हरप्रीत बरार, विजयकुमार विशक, यश ठाकुर, प्रभसिमरन सिंह, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, प्रियांश आर्य, आरोन हार्डी, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, जेवियर बार्टलेट, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, हरनूर पन्नू, मार्को जेनसन, जोश इंग्लिस, लॉकी फर्ग्यूसन (चोटिल), कुलदीप सेन, पायला अविनाश और प्रवीण दुबे।

आज चेन्नई में कैसी रहेगी मौसम की स्थिति (Chennai Weather Today)

चेन्नई और पंजाब के बीच आज होने वाला आईपीएल मैच चेन्नई में होगा। चेन्नई के मौसम की बात करें तो आज यहां दिन भर बादल छाए रहेंगे, हालांकि फिलहाल बारिश की उम्मीद सिर्फ 10 प्रतिशत है। चेन्नई में आज काफी गर्मी होगी, यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेंटीग्रेड रहने के आसार हैं। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी, क्योंकि आज चेन्नई में उमस बहुत ज्यादा होगी और बाद में बॉलिंग व फील्डिंग करने वाली टीम को उमस की वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article