देहरादून: रोड एक्सिडेंट में बाल-बाल बचने के बाद टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का ईलाज देहरादून के मैक्स अस्पताल में चल रहा है। शुक्रवार सुबह उनकी तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। पंत के मुताबिक उन्हें नींद आ गई और ये हादसा हो गया। पंत के सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने की खबर आग की तरह फैल गई और हर कोई उनकी सलामती की दुआ करने लगा।
सोशल मीडिया पर देश दुनिया में फैले ऋषभ पंत के फैन्स के साथ-साथ पूरे क्रिकेट जगत उनके स्वास्थ्य की चिंता कर रहा है और उनके जल्दी स्वस्थ होकर मैदान में वापसी करने की दुआ कर रहे हैं।
नजफगढ़ के नवाब वीरेंद्र सहवाग ने पंत की सलामती के लिए ट्वीट करते हुए कहा, ऋषभ पंत के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बहुत जल्द स्वस्थ हो जाओ।
वहीं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पॉन्टिंग ने ट्वीट करके कहा, ऋषभ पंत के बारे में सोच रहा हूं। आशा है कि तुम जल्दी स्वस्थ होकर मैदान में वापसी करोगे।
मिस्टर आईपीएल सुरेश रैना ने पंत की सलामती की कामना करते हुए ट्वीट किया, भाई तुम्हारे जल्दी स्वस्थ होने की कामना कता हूं। हमारी दुआएं तुम्हारे और तुम्हारे परिवार के साथ हैं। भगवान आपको आशीष दे।
वहीं गौतम गंभीर ने ट्वीट करके कहा, गौतम गंभीर के जल्दी और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
अफगानिस्तान के नए टी20 कप्तान राशिद खान ने ऋषभ के स्वस्थ होने का कामना करते हुए कहा, आशा करता हूं कि आप ठीक होंगे। कार पूरी तरह खाक हो गई। इसे देखना बेहद डरावना है।
पंत का फिलहाल देहरादून में इलाज चल रहा है। उनके सिर, पीठ और पैर में चोट लगी है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है। जिसमें कार स्पीड में डिवाइडर से टकराकर एक ओर से दूसरी ओर जाती दिख रही है।
