क्रिकेट

IND vs ENG: 'हमें पता था कि वे..' ओवल टेस्ट में जीत के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के मास्टर प्लान का किया खुलासा

IND vs ENG 5th Test: भारतीय टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड क्रिकेट टीम को ओवल में खेले गए पांचवें टेस्ट मैच में करारी हार थमा दी है। इस जीत के साथ ही शुभमन गिल का नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया है। इसके बाद वे काफी खुश नजर आए।

Image

शुभमन गिल (फोटो- BCCI)

IND vs ENG 5th Test: भारत ने उतार-चढ़ाव से भरे बेहद रोमांचक पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पांचवें दिन सोमवार को यहां मोहम्मद सिराज के करिश्माई प्रदर्शन से इंग्लैंड को छह रन से हराकर श्रृंखला 2-2 से बराबर कर दी जिसे क्रिकेट की दो दिग्गज टीमों के बीच बेहद कड़े मुकाबले के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। इस खास जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल काफी खुश नजर आए। उन्होंने खास तौर पर मोहम्मद सिराज की जमकर तारीफ की।

भारतीय कप्तान शुभमन गिल का मानना है कि मोहम्मद सिराज जैसी क्षमता और कौशल वाला गेंदबाज हर कप्तान का सपना होता है। गिल ने साथ ही 2-2 की बराबरी को इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला में दिखाए गए क्रिकेट के स्तर का ‘उचित प्रतिबिंब’ करार दिया।श्रृंखला में 754 रन और चार शतक के साथ भारत के श्रृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे गिल ने सिराज की जमकर तारीफ की जिनके द ओवल में मैच में नौ विकेट की बदौलत भारत ने जीत दर्ज की और श्रृंखला बराबर की।

सिराज हर कप्तान का सपना है- गिल

गिल ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान माइकल आथर्टन से कहा, ‘‘सिराज किसी भी कप्तान का सपना है। उन्होंने हर गेंद और हर स्पैल में अपना सब कुछ झोंक दिया। 2-2 की बराबरी एक उचित प्रतिबिंब है। यह दर्शाता है कि दोनों टीम कितने जोश से भरी थीं और उन्होंने कितना अच्छा खेला।’’कप्तान ने तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की भी तारीफ की जिन्होंने मैच में आठ विकेट लिए। वह हालांकि थोड़े महंगे साबित हुए।गिल ने कहा, ‘‘जब आपके पास सिराज और प्रसिद्ध जैसे गेंदबाज हों तो कप्तानी आसान लगती है। मुझे लगता है कि आज हमने जिस तरह से प्रतिक्रिया दी वह शानदार थी। हमें पूरा विश्वास था, कल भी, हमें पता था कि वे दबाव में हैं।’’

मेरा लक्ष्य हुआ पूरा- गिल

इस श्रृंखला में एक बल्लेबाज के रूप में अपनी परिपक्वता के बारे में गिल ने स्वीकार किया कि यह संतोषजनक था।गिल ने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि यह पूरी श्रृंखला में हो। यह बहुत ही संतोषजनक रहा, मेरा लक्ष्य इस श्रृंखला में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनना था और वहां तक पहुंचना बहुत संतोषजनक है। यह हमेशा तकनीकी और मानसिक रूप से चीजों को सुलझाने का मामला होता है, ये आपस में जुड़े हुए हैं।’’छह हफ्तों की श्रृंखला से मिली सीख के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि 'हम कभी हार नहीं मानते।'

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article