क्रिकेट

गेंदबाजों के पक्ष में अंपायर ने आईसीसी से रख दी अनोखी डिमांड

पूर्व अंपायर नें गेंदबाजों का समर्थन करते हुए आईसीसी से एक अनोखी मांग रख दी। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 5 गेंदबाजों को लेकर एक सुझाव दिया है। उनका यह सुझाव बेहद दिलचस्प है।

Image

अर्शदीप सिंह (साभार-BCCI)

पूर्व अंपायर साइमन टॉफेल ने टी20 क्रिकेट में बल्ले और गेंद के बीच बेहतर संतुलन बनाने की अपील करते हुए सुझाव दिया है कि एक गेंदबाज को मौजूदा चार ओवर के कोटे के बजाय पांच ओवर गेंदबाजी करने की अनुमति दी जानी चाहिए। अभी क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में प्रत्येक गेंदबाज को अधिकतम चार ओवर फेंकने की अनुमति है लेकिन टॉफेल का मानना है कि एक गेंदबाज को पांचवा ओवर करने की अनुमति देने से इस खेल में नया रणनीतिक आयाम जुड़ सकता है। ऑस्ट्रेलिया के इस 54 वर्षीय अंपायर ने क्रिकबज से कहा, ‘‘मैंने कुछ अलग-अलग लीग को कुछ सुझाव दिए हैं, जिन पर अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है। लेकिन मैं सीमित ओवरों के क्रिकेट में बल्ले और गेंद के बीच संतुलन देखना चाहता हूं।’’

बल्ले और गेंद के बीच जरूरी संतुलन

उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि टी20 क्रिकेट में एक गेंदबाज पांचवां ओवर भी फेंके। अगर कोई बल्लेबाज पहली गेंद से लेकर आखिरी गेंद तक पूरी पारी में क्रीज पर रह सकता है तो फिर हम सभी गेंदबाजों को चार ओवर तक क्यों सीमित कर रहे हैं।’’ टॉफेल ने कहा, ‘‘क्या हम किसी एक गेंदबाज को एक अतिरिक्त ओवर दे सकते हैं, ताकि बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बीच कुछ संतुलन पैदा किया जा सके। मैं केवल इस बात पर गौर कर रहा हूं कि किस तरह से संतुलन पैदा किया जाए।’’

सबसे काबिल अपंयारों में एक हैं टॉफेल

टॉफेल ने 2004 और 2008 के बीच लगातार पांच बार आईसीसी अंपायर ऑफ द ईयर का पुरस्कार हासिल किया था। उन्होंने कहा कि वह हाल ही में नियमों में किए गए सभी बदलाव का समर्थन नहीं करते हैं, जिनमें इम्पैक्ट प्लेयर नियम और रणनीतिक टाइमआउट भी शामिल हैं।

टी20 में हो 11 बनाम ग्यारह

उन्होंने कहा, ‘‘सभी बदलाव अच्छे नहीं होते। हम सिर्फ मार्केटिंग हथकंडे के लिए चीजों को बदलते रहते हैं, जिससे हमें सावधानी बरतनी होगी। आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर होता है। आईएलटी20 में सुपर सब होता है। क्रिकेट के प्रति मेरा नजरिया कहता है कि मैं 11 खिलाड़ियों को 11 खिलाड़ियों का सामना करते देखना पसंद करूंगा। मैं खेल में और अधिक ऑलराउंडर देखना पसंद करूंगा।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article