क्रिकेट

IND vs ENG 5th Test: भारत के खिलाफ ओवल टेस्ट से पहले इंग्लैंड को लगा करारा झटका, दिग्गज हुआ बाहर

भारत के खिलाफ ओवल में गुरुवार से शुरू होने जा रहे सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच से पहले मेजबान टीम को करारा झटका लगा है। टीम के कप्तान बेन स्टोक्स सहित चार प्लेयर्स को प्लेइंग-11 से बाहर हो गए हैं।

Image

इंग्लैंड क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट AP)

Photo : AP

लंदन: इंग्लैंड क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ ओवल में 31 जुलाई से खेले जाने वाले सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच से पहले करारा झटका लगा है। टीम के कप्तान बेन स्टोक्स चोट की वजह से बाहर हो गए हैं। उनकी गैर मौजूदगी में ओली पोप टीम की कमान संभालेंगे। इंग्लैंड को प्लेइंग-11 में चार बदलाव करने पड़े हैं। बेन स्टोक्स के अलावा तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर, ऑलराउंडर लियाम डॉसन और बाइडन कार्स प्लेइंग 11 से बाहर हो गए हैं। इन चार की जगह टीम में जैकब बैथेल, जैमी ओवरटन, गस एटकिंसन और जोश टंग का शामिल किया गया है।

चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी इंग्लैंड

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सबसे सफल गेंदबाज के रूप में उभरे बेन स्टोक्स के दाहिने कंधे में चोट है। स्टोक्स लॉर्ड्स और मैनचेस्टर दोनों टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन की वजह से इंग्लैंड की टीम सीरीज में भारत को कड़ी चुनौती देती रही है। ऐसे में उनका टीम में नहीं होना मेजबान टीम के लिए करारा झटका है। स्टोक्स की गैरमौजूदगी में छठे नंबर पर बल्लेबाजी का मोर्चा संभालेंगे। टीम में चार तेज गेंदबाज हैं। क्रिस वोक्स का साथ देने के लिए गस एटकिंसन, जैमी ओवरटन और जोश टंग होंगे। टीम में कोई स्पेशलिस्ट स्पिनर नहीं है। ऐसे में जो रूट को बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी योगदान देना होगा।

मैनचेस्टर टेस्ट की चौथी पारी में की मशक्कत का दिखा असर

पांच मैच की सीरीज में इंग्लैंड की टीम 2-1 से आगे चल रही है। भारतीय टीम के पास ओवल में सीरीज बराबर करने का शानदार मौका है। मैनचेस्टर टेस्ट में चौथी पारी में भारतीय बल्लेबाजों के सामने इंग्लैंड के गेंदबाजों को जोर लगाना पड़ा। अंत में इंग्लैंड को मैच ड्रॉ कराने के लिए मजबूर होना पड़ा। स्टोक्स ने कहा था कि वो अपने गेंदबाजों को चोटिल होने से बचाना चाहते थे लेकिन उनकी ये कोशिश नाकाम रही और टीम में बड़े बदलाव निर्णायक टेस्ट से पहले करने पड़े हैं।

ओवल टेस्ट के लिए ऐसी है इंग्लैंड की प्लेइंग-11:

जैक क्राली, बेन डकेट, ओली पोप(कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बैथेल, जैमी स्मिथ(विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जैमी ओवरटन, जोश टंग।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article