क्रिकेट

IND vs ENG: 'मैं निराश हूं लेकिन..ओवल टेस्ट से बाहर होने पर दुखी हुए इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स

Ben Stokes statement: भारत के खिलाफ खेले जाने वाले टेस्ट मैच से पहले इंग्लैंड की टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल कप्तान बेन स्टोक्स चोट क चलते बाहर हो गए हैं। इसके बाद वे काफी दुखी नजर आ रहे हैं।

Image

बेन स्टोक्स प्रेस कांफ्रेंस (फोटो- ECB)

Ben Stokes statement: इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स भारत के खिलाफ केनिंग्टन ओवल में खेले जाने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। स्टोक्स को कंधे की चोट है और उन्होंने मेडिकल टीम से परामर्श के बाद यह मुश्किल निर्णय लिया। उनकी जगह अब उपकप्तान ओली पोप इस निर्णायक मुकाबले में इंग्लैंड की कप्तानी करेंगे।

स्टोक्स ने मंगलवार को प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि "निराश हूं। मांसपेशियों में चोट आई है जिनका नाम भी मैं ठीक से नहीं बोल सकता। मैंने आज यहां आकर बल्लेबाजी से योगदान देने के रास्ते तलाशने की कोशिश की, लेकिन मेडिकल टीम से चर्चा के बाद यह तय हुआ कि जोखिम बहुत बड़ा है। मैं खुद भी किसी और खिलाड़ी से ऐसी उम्मीद नहीं करता।"

श्रृंखला में बेहतरीन रहा है स्टोक्स का प्रदर्शन

34 वर्षीय स्टोक्स इस श्रृंखला में शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने अब तक चार टेस्ट में 304 रन बनाए हैं, उनका औसत रहा 43.42। गेंदबाजी में भी उन्होंने 17 विकेट चटकाए, जिसमें एक पांच विकेट हॉल भी शामिल है।उन्होंने लॉर्ड्स और ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में लगातार दो बार प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी जीता था।

इंग्लैंड के लिए भारी पड़ेगा स्टोक्स का बाहर होना?

हालांकि स्टोक्स ने इस बात को खारिज किया कि किसी एक खिलाड़ी के न खेलने से पूरी टीम हार जाती है। उन्होंने कहा कि "एक खिलाड़ी मैच नहीं जिताता और न ही हारता है। मेरी अनुपस्थिति का मतलब यह नहीं है कि हम मैच हार जाएंगे। हमारी टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैच जिताने की काबिलियत रखते हैं।"स्टोक्स इस सीरीज में बेहद थके हुए भी नजर आए। उन्होंने अब तक 140 ओवर गेंदबाजी की है, जो उन्होंने किसी एक सीरीज में 2013-14 की एशेज के बाद पहली बार किया है।

इंग्लैंड की प्लेइंग XI में चार बड़े बदलाव

स्टोक्स के अलावा इंग्लैंड की टीम से लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर और ब्रायडन कार्स भी इस टेस्ट से बाहर हो गए हैं। इनकी जगह टीम में जैकब बेथेल, जेमी ओवरटन, गस एटकिन्सन और जॉश टंग को शामिल किया गया है।

इंग्लैंड की प्लेइंग XI: ज़ैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेटेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवरटन, जोश टंग

भारत को मिल सकता है फायदा

स्टोक्स जैसे हरफनमौला खिलाड़ी की अनुपस्थिति इंग्लैंड के लिए बड़ा झटका हो सकता है। भारत पहले ही सीरीज में 1-2 से पीछे है और यह मुकाबला जीत कर सीरीज को बराबरी पर समाप्त करना चाहेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि ओली पोप की कप्तानी में इंग्लैंड कैसा प्रदर्शन करता है और क्या भारत इस मौके का फायदा उठा पाता है या नहीं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article