क्रिकेट

संन्यास का फैसला पलटकर वनडे में वापसी कर सकता है ये दिग्गज, भारत में खेल सकता है विश्व कप

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 1, 2022, 04:21 PM IST

Ben Stokes can return in ODI cricket: इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने बड़ा बयान दिया है। कुछ ही महीने पहले वनडे क्रिकेट को अलविदा कहने वाले स्टोक्स ने अपने ताजा बयान में कुछ ऐसा कहा है जो इस बात को तवज्जो देता है कि अगले साल भारत में होने वाले वनडे विश्व कप में वो इस प्रारूप में वापसी कर सकते हैं।

Image

बेन स्टोक्स

Photo : Twitter

स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने अगले साल भारत में होने वाले 50 ओवर के विश्व कप में इंग्लैंड की खिताब की रक्षा के अभियान के लिए एकदिवसीय संन्यास से वापसी की संभावना को खारिज नहीं किया है। इंग्लैंड के 31 साल के टेस्ट कप्तान स्टोक्स ने जुलाई में काम के बोझ का हवाला देते हुए एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रारूप से संन्यास की घोषणा की थी लेकिन इस फैसले के पांच महीन से भी कम समय बाद उन्होंने अपनी वापसी के दरवाजे खुले रखे हैं।

‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ वेबसाइट ने स्टोक्स के हवाले से कहा, ‘‘क्या पता उस समय विश्व कप को लेकर मैं क्या सोच रहा हूं।’’ वह गुरुवार से यहां पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट से पूर्व बोल रहे थे। स्टोक्स ने 2019 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई थी और नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में टीम के टी20 विश्व कप जीतने के दौरान भी वह फाइनल में स्टार रहे। अगला 50 ओवर का विश्व कप भारत में अक्टूबर-नवंबर 2023 में खेला जाएगा।

स्टोक्स ने कहा, ‘‘विश्व कप में खेलना शानदार है, अपने देश का प्रतिनिधित्व करना। लेकिन अभी मैं इसके बारे में नहीं सोच रहा। मेरा ध्यान पूरी तरह से इस श्रृंखला (पाकिस्तान के खिलाफ) पर है।’’ स्टोक्स उन खिलाड़ियों में शामिल थे जो इंग्लैंड की टीम में वायरल संक्रमण के प्रकोप के कारण बुधवार को ट्रेनिंग नहीं कर पाए।

इस दिग्गज ऑलराउंडर ने कहा कि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट निदेशक रॉब की ने टी20 में सफलता के बाद 50 ओवर के विश्व कप में उनकी वापसी को लेकर संपर्क किया था। उन्होंने कहा, ‘‘वह मुझे एक तरफ लेकर गया और जैसे ही उसने कहा ‘50 ओवर का विश्व कप’, मैं वहां से चला गया।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!