क्रिकेट

बीसीसीआई ने किया कर्मचारियों के दैनिक भत्ते में कटौती का ऐलान

बीसीसीआई ने अपने कर्मचारियों के दैनिक भत्ते में कटौती करने का ऐलान किया है इसके साथ ही यात्रा नीति को सरल बनाया है। जानिए बोर्ड ने किए कौन से बदलाव?

Image

बीसीसीआई लोगो

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सभी विभागों के कर्मचारियों के दैनिक भत्तों का भुगतान अब बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों द्वारा घरेलू ‘टूर्नामेंट भत्ता नीति’ को सरल बनाने के बाद किया जाएगा। इन भत्तों का भुगतान जनवरी से नहीं किया गया है। बीसीसीआई की मौजूदा यात्रा नीति के अनुसार कर्मचारियों को छोटी अवधि की यात्रा (चार दिन तक) के लिए प्रतिदिन 15,000 रुपये और आमतौर पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल), महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) और भारत द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की प्रतियोगिताओं से संबंधित लंबी अवधि की यात्रा के लिए प्रतिदिन 10,000 रुपये का भुगतान किया जाता है। यात्रा के दौरान एकमुश्त आकस्मिक भत्ता 7500 रुपये था।

आकस्मिक भत्ता किया खत्म

संशोधित नीति के अनुसार आकस्मिक भत्ते को हटा दिया गया है और कर्मचारियों को अब यात्रा के दौरान प्रतिदिन 10,000 रुपये का भुगतान किया जाएगा। आईपीएल का आयोजन दो महीने से कुछ अधिक समय तक होता है जबकि आईसीसी प्रतियोगिता भी कम से कम एक महीने तक चलती है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि स्रोत पर कर कटौती के बाद प्रतिदिन भत्ता 6500 रुपये होता है। चूंकि नीति में संशोधन किया जा रहा था इसलिए वित्त, संचालन और मीडिया विभाग सहित बीसीसीआई के कर्मचारियों को आईपीएल और डब्ल्यूपीएल के लिए उनके दैनिक भत्ते का भुगतान नहीं किया गया है लेकिन अब जब नीति तैयार हो गई है तो उनके बकाए का भुगतान जल्द ही किया जाना चाहिए।

स्पष्ट नीति की थी आवश्यक्ता

सूत्र ने कहा,'भत्तों के संदर्भ में एक स्पष्ट नीति की आवश्यकता थी क्योंकि कुछ कर्मचारी टूर्नामेंट के दौरान मुंबई मुख्यालय से संचालन करते हुए भी भत्ते का दावा कर रहे थे। अब जब यह तैयार हो गई है तो बकाए का भुगतान जल्द ही किया जाएगा।'अधिक स्पष्टता के लिए एक कर्मचारी जो पूरे 70 दिवसीय आईपीएल के लिए यात्रा कर रहा है वह 10,000 रुपये के दैनिक भत्ते के लिए पात्र होगा जिसमें कुल दावा राशि सात लाख रुपये होगी। आईपीएल के दौरान सीमित यात्रा करने वाला व्यक्ति 70 दिवसीय भत्ते का केवल 60 प्रतिशत दावा करने का पात्र होगा और जो व्यक्ति बिल्कुल भी यात्रा नहीं कर रहा है वह 70 दिनों के लिए 40 प्रतिशत राशि का दावा कर सकता है।

विदेश यात्रा में मिलेगा इतना भत्ता

जहां तक विदेश यात्रा का सवाल है तो बीसीसीआई के अधिकांश कर्मचारियों को प्रतिदिन 300 डॉलर का भुगतान किया जाता है। अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव सहित मानद पदाधिकारियों को विदेशी दौरों पर 1000 डॉलर का दैनिक भत्ता मिलता है। उन्हें भारत के भीतर एक दिन की बैठक के लिए 40,000 रुपये और कई दिनों की घरेलू कार्य यात्रा के लिए 30,000 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जाता है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article