क्रिकेट

BCCI ने टाइटल स्पॉन्सर के लिए जारी किया टेंडर, ये कंपनियां नहीं कर सकती आवेदन

BCCI Tender: बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल ऑफ इंडिया ने ड्रीम 11 के बाहर होने के बाद अब नए प्रयोजक की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए बीसीसीआई ने टेंडर जारी कर दिया है और इसमें आवेदन मांगे हैं। हालांकि बोर्ड ने इस बार कई बड़ी शर्ते रख दी हैं जिसका पालन करना जरूरी है।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम के टाइटल स्पांसर के लिए आवेदन आमंत्रित (फोटो- AP)

BCCI Tender: फैंटेसी स्पोर्ट्स की दिग्गज कंपनी ड्रीम11 के हाथ खींचने के बाद बीसीसीआई ने मंगलवार को भारतीय क्रिकेट टीम के टाइटल प्रायोजन अधिकारों के लिए नई बोलियां आमंत्रित कीं। इसमें खास बात यह रही कि वास्तविक धन गेमिंग (Real Money Gaming) और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ी कंपनियों पर रोक लगा दी गई है क्योंकि सरकार ने हाल ही में ऐसी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया है।

एशिया कप में बिना मुख्य प्रायोजक खेलेगी भारतीय टीम

भारतीय टीम 9 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले एशिया कप 2025 में बिना मुख्य प्रायोजक के खेलेगी। बीसीसीआई ने बोली जमा करने की आखिरी तारीख 16 सितंबर तय की है, जबकि आईईओआई (Expression of Interest) खरीदने की अंतिम तिथि 12 सितंबर रखी गई है।

ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम 2025 का असर

ड्रीम11 ने हाल ही में ‘ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम 2025’ के लागू होने के बाद अपने वास्तविक धन वाले गेम बंद कर दिए। अधिनियम में साफ कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन मनी गेमिंग सेवाओं की पेशकश, सहायता या विज्ञापन नहीं कर सकता। इसी कारण ड्रीम11 और माय11 सर्कल जैसी कंपनियों को बड़ा झटका लगा है।

1000 करोड़ रुपये के करार का अंत

बीसीसीआई का ड्रीम11 और माय11 सर्कल के साथ भारतीय टीम और आईपीएल के लिए करीब 1000 करोड़ रुपये का टाइटल प्रायोजन करार था। हालांकि अब यह करार समाप्त हो गया है। ड्रीम11 ने 2023 से 2026 की अवधि के लिए 44 मिलियन डॉलर (लगभग 358 करोड़ रुपये) में अधिकार हासिल किए थे, लेकिन अनुबंध में एक वर्ष बाकी रहते ही उन्हें इससे बाहर होना पड़ा।

बीसीसीआई की शर्तें और प्रतिबंध

बीसीसीआई ने अपनी विज्ञप्ति में स्पष्ट किया कि बोली लगाने वाला या उसकी कोई भी सहायक कंपनी ऑनलाइन मनी गेमिंग, सट्टेबाजी, जुआ, तंबाकू, शराब जैसी सेवाओं में शामिल नहीं हो सकती।इसके अलावा, सार्वजनिक नैतिकता को ठेस पहुंचाने वाली कंपनियों को भी बाहर रखा गया है।

ब्लॉक की गई ब्रांड श्रेणियां

बीसीसीआई ने कुछ ब्रांड श्रेणियों को ‘ब्लॉक’ भी किया है क्योंकि इन क्षेत्रों में पहले से ही बोर्ड के प्रायोजक मौजूद हैं। इनमें शामिल हैं –

  • एथलेजर और खेल परिधान निर्माता
  • बैंक और वित्तीय सेवाएं
  • गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (NBFC)
  • कोल्ड ड्रिंक्स (अल्कोहल रहित)
  • पंखे, मिक्सर-ग्राइंडर, सुरक्षा ताले और बीमा
  • वर्तमान में बोर्ड से एडिडास, कैंपा कोला, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एसबीआई लाइफ जैसे ब्रांड जुड़े हुए हैं।

वित्तीय पात्रता की शर्त

बोली लगाने वाले का पिछले तीन वर्षों का औसत कारोबार कम से कम 300 करोड़ रुपये होना चाहिए या फिर पिछले तीन वर्षों की औसत निवल संपत्ति 300 करोड़ रुपये से अधिक होनी चाहिए।

ड्रीम11 पर जुर्माना नहीं लगेगा

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ड्रीम11 को अनुबंध से बाहर होने पर किसी प्रकार का जुर्माना नहीं देना होगा। इसका कारण यह है कि यह उनकी गलती नहीं, बल्कि सरकारी नियम का असर है। अधिकारी ने साफ किया कि भुगतान में चूक के अन्य मामलों के विपरीत, यहां कोई पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article