क्रिकेट

बीसीसीआई ने जारी किया सड़क दुर्घटना में घायल हुए ऋषभ पंत की चोट के बारे में अपडेट

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 30, 2022, 03:45 PM IST

BCCI's Statement on Rishabh Pant Accident and Injury: बीसीसीआई ने टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के कार दुर्घटना में घायल होने के बाद उनकी स्थिति और चोट के बारे में अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने ऐलान किया है कि वो इस मुश्किल घड़ी में ऋषभ पंत का हर संभव सहयोग करेगा।

Image

ऋषभ पंत( साभार BCCI)

मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज शुक्रवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए। दिल्ली से अपने गृहनगर रुड़की जा रहे ऋषभ पंत की कार सुबह साढ़े पांच बजे रुड़की से पहले सड़क पर बने डिवाइडर पर जा लगी। पंत की कार एक छोर से दूसरी तरफ पलटकर पहुंच गई और कार में आग लग गई। पंत भाग्यशाली रहे और उनकी जान बच गई। पंत कार के पलटने के बाद विंड शील्ड तोड़कर बाहर निकले इसके बाद आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। उन्हें पहले रुड़की के जिला अस्पताल पहुंचाया गया वहां से उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां उनका ईलाज चल रहा है।

पंत गंभीर रूप से हुए हैं घायल

घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में दिख रहा है कि पंत के सिर पर और पीठ में चोट आई है। डॉक्टरों ने भी बताया है कि उनके पैर का लिगामेंट भी फ्रैक्चर हो गया है। ऐसे में बीसीसीआई ने पूरी स्थिति की जानकारी लेने के बाद पंत की तबीयत और चोट के बारे में अपडेट जारी किया है।

बीसीसीआई ने ऋषभ पंत की दुर्घटना के बारे में प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि शुक्रवार सुबह रुड़की में ऋषभ पंत सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। दुर्घटना के बाद उन्हें रुड़की के सक्षम मल्टीस्पेशिलिटी अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां उनको दुर्घटना के दौरान लगी चोटों का इलाज कराया गया।

बीसीसीआई ने बताया कहां कहां लगी है चोट

बीसीसीआई ने पंत को लगी चोटों का ब्योरा दिया और कहा, ऋषभ के माथे पर दो जगह चोट लगी है। उनके दाहिने घुटने में लिगामेंट टियर हो गया है। उनका दाहिनी कलाई और एड़ी में भी चोट लगी है। उनकी पीठ में भी कई तरह की चोट लगी हैं और जख्म हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।चोटों की गंभीरता का आकलन करने के लिए पंत का एमआरआई टेस्ट किया गया है जिसकी रिपोर्ट आने के बाद उनका आगे का ईलाज निर्धारित किया जाएगा।

मेडिकल टीम के संपर्क में हैं ईलाज कर जा रहे डॉक्टर

बीसीसीआई लगातार ऋषभ पंत के परिवार के संपर्क में है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम लगातार ऋषभ का ईलाज कर रहे डॉक्टरों के संपर्क में है। बोर्ड सुनिश्चिच करेगा कि ऋषभ पंत को सर्वश्रेष्ठ संभावित मेडिकल केयर मिल सके। बोर्ड इस मुश्किल की घड़ी में उनका हर तरह से संभव सहयोग करेगा।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article