क्रिकेट

बेंगलुरू भगदड़ के बाद एक्शन मोड में BCCI, सेलिब्रेशन की गाइडलाइन को लेकर 3 सदस्यीय समिति का किया गठन

Bengaluru Stampede: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की जीत के बाद मातम छा गया। दरअसल टीम के सेलिब्रेशन इवेंट के दौरान बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई ऐसे में ऐसी परिस्थितयों और सेलिब्रेशन को लेकर अब बीसीसीआई एक्शन मोड में नजर आ रहा है।

Image

बीसीसीआई ने बेंगलुरू भगदड़ के बाद लिया एक्शन (फोटो- PTI/AP)

Bengaluru Stampede: क्रिकेट जगत को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लंबे इंतजार के बाद पहली बार आईपीएल 2025 का खिताब जीतने की खुशी के बाद एक बड़ी त्रासदी ने झकझोर दिया। जीत के अगले दिन, RCB और कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु की सड़कों पर फैंस के साथ जश्न मनाने की योजना बनाई थी। हालांकि, यह जश्न एक भीषण हादसे में बदल गया जब एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई प्रशंसक घायल भी हुए। इस बड़े हादसे के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक बड़ा कदम उठाया है।

BCCI ने गठित की 3 सदस्यीय समिति

14 जून (शनिवार) को हुई BCCI की एपेक्स कमेटी मीटिंग में बोर्ड ने बेंगलुरु की घटना जैसी त्रासदी को भविष्य में रोकने के लिए दिशा-निर्देश तैयार करने के लिए 3 सदस्यों की एक समिति बनाई है।BCCI के आधिकारिक बयान में कहा गया, "बेंगलुरु में हुए जीत के जश्न के दौरान हुई घटना को देखते हुए, एपेक्स काउंसिल ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश तैयार करने हेतु एक समिति गठित करने का निर्णय लिया है।"

इस समिति की अध्यक्षता BCCI सचिव देवजीत साइकिया करेंगे, जबकि उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और कोषाध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया इसके अन्य सदस्य होंगे। समिति अगले 15 दिनों में विस्तृत दिशा-निर्देश तैयार करेगी।

"BCCI मूक दर्शक नहीं बन सकता"

इससे पहले क्रिकबज से बातचीत में BCCI सचिव देवजीत साइकिया ने संकेत दिया था कि बोर्ड इस त्रासदी पर कार्रवाई करेगा और चुपचाप देखता नहीं रहेगा। हालांकि जश्न मनाना RCB का निजी मामला था, लेकिन साइकिया ने कहा कि BCCI को कुछ करना होगा क्योंकि भारत में क्रिकेट की जिम्मेदारी उसकी है।उन्होंने कहा, "एक स्तर पर BCCI को कुछ करना होगा। हम मूक दर्शक नहीं बन सकते। यह RCB का निजी आयोजन था, लेकिन BCCI के रूप में हम भारत में क्रिकेट के लिए जिम्मेदार हैं, और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।"

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article