मुंबई: बीसीसीआई टीम इंडिया के खिलाड़ियों की अनुशासनहीनता पर लगाम लगाने के लिए कड़े कदम उठाने जा रहा है। बोर्ड इस संबंध में खिलाड़ियों के लिए नए नियम लाने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया की हालिया हार के बाद 11 जनवरी को हुई रिव्यू मीटिंग में भी इस बारे में चर्चा हुई।
कडे़ कदम उठाने जा रहा है बीसीसीआई
बीसीसीआई के एक सूत्र ने एनएआई को बताया, भारतीय खिलाड़ी अनुशासन हीनता कर रहे हैं। गौतम गंभीर और टीम के एक सीनियर खिलाड़ी को टीम के साथ परिवार के रहने पर परेशानी है। ऐसे में बीसीसीआई कई कड़े कदम खिलाड़ियों पर नियंत्रण करने के लिए उठाने जा रहा है।
परिवार अधिकतम 14 दिन रह सकेगा साथ
बीसीसीआई खिलाड़ियों के विदेशी दौरे पर अभ्यास और मैचों के लिए मैदान तक पहुंचने के लिए निजी ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल पर रोक लगाने जा रहा है। 45 दिन के दौरे पर खिलाड़ियों के परिवार के सदस्य अधिकतम 14 दिन तक ही साथ रह सकेंगे। इसके अलावा छोटे दौरों पर परिवार के सदस्य केवल एक सप्ताह तक साथ रह सकेंगे।
विदेश दौरे पर साथ नहीं जा सकेगा निजी स्टाफ
इसके अलावा खिलाड़ी अपने निजी स्टाफ को भी विदेश दौरे पर नहीं ले जा सकेंगे जिसमें कुक, हेयर ड्रेसर, स्टाइलिस्ट और निजी सुरक्षा गार्ड शामिल हैं। कुल मिलाकर बोर्ड टीम इंडिया के खिलाड़ियों के बीच एकरूपता लाना चाहता है क्रिकेट के विकास को प्राथमिकता देना चाहता है। हालिया मीटिंग के दौरान सीनियर खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट नहीं खेलने वाले खिलाड़ियों की मैच फीस में कटौती करने का सुझाव दिया है। ऐस में अंतिम निर्णय क्या होता है ये तो वक्त ही बताएगा। लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए स्टार कल्चर से बाहर निकलना मुश्किल रहा है ये निर्णय भी उसके लिए लोहे के चने चबाने जैसा ही होगा।
