क्रिकेट

हो गया खुलासा! बेंगलुरु को क्यों नहीं मिली IPL के प्लेऑफ मैचों की मेजबानी?

IPL 2026 Playoffs And Final: बीसीसीआई के सचिव ने बताया कि KSCA ने अपने स्थानीय विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के लिए टिकटों का अनुरोध किया था। इसके अलावा कर्नाटक सरकार के लिए भी 700 मुफ्त टिकटों की मांग की थी।

Image

देवाजीत सैकिया (BCCI)

IPL 2026 Playoffs And Final: BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि कर्नाटक के विधायकों की IPL फाइनल और प्लेऑफ मैचों के लिए मुफ्त पास की मांग की वजह से इन मैचों को बेंगलुरु से बाहर शिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि विधायकों और MLCs के लिए 700 मुफ्त पास के साथ KSCA ने कुल 10 हजार मुफ्त पास की मांग की थी। KSCA ने अपने स्थानीय विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के लिए टिकटों का अनुरोध किया था। इसके अलावा कर्नाटक सरकार के लिए भी 700 मुफ्त टिकटों की मांग की थी। इस तरह 15% तय कोटे के अलावा लगभग 10,000 अतिरिक्त टिकटों की मांग की जा रही थी।

बीसीसीआई सचिव ने बताया क्यों शिफ्ट किया गया फाइनल

बीसीसीआई सचिव ने बताया कि IPL के प्लेऑफ और फाइनल मैचों के लिए BCCI ही मेजबान संस्था होती है। इस कारण IPL के नियमों के तहत जितनी टिकटें देने की अनुमति है, उससे ज्यादा टिकटें देकर हम अपने प्रोटोकॉल का उल्लंघन नहीं कर सकते थे। इस कारण बेंगलुरू से मैच शिफ्ट कर दिए गए। बता दें कि बेंगलुरु के बजाय अहमदाबाद लगातार दूसरे सत्र में 31 मई को इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल की मेजबानी करेगा। वहीं क्वालीफायर एक धर्मशाला और दो अन्य प्लेऑफ मैच न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएंगे।

परंपरा के अनुसार बेंगलुरु में खेला जाना था फाइनल

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मौजूदा चैंपियन होने के कारण परंपरा के अनुसार फाइनल बेंगलुरु में खेला जाना था। लेकिन इसे शिफ्ट करके अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा। पिछले साल के अलावा अहमदाबाद ने इससे पहले 2022 और 2023 में आईपीएल फाइनल की मेजबानी की थी। बीसीसीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "आईपीएल फाइनल की मेजबानी के लिए मूल रूप से बेंगलुरु को चुना गया था। लेकिन स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ ऐसी मांगों के कारण जो बीसीसीआई के स्थापित दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं, आयोजन स्थल को स्थानांतरित कर दिया गया है।"

Aditya Sahu
आदित्य साहू author

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों... और देखें

End of Article