क्रिकेट

हाशिम अमला ने बताया कौन करेगा दक्षिण अफ्रीका-भारत टेस्ट सीरीज में हार जीत का फैसला

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला ने बताया है कि भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली दो मैच की टेस्ट सीरीज का परिणाम कौन निर्धारित करेगा।

Image

हाशिम अमला(फोटो क्रेडिट IANS Screen Grab)

मुंबई: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला का मानना है कि भारत और दक्षिण अफ्रीका का गेंदबाजी आक्रमण काफी समान है लेकिन शुक्रवार से शुरू हो रही दो टेस्ट मैच की श्रृंखला बल्लेबाजों के लिए चुनौती होगी जिन्हें अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के लिए पर्याप्त रन बनाने होंगे। भारत कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहले टेस्ट में विश्व टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा।

बल्लेबाज तय करेंगे सीरीज का फैसला

एमआई केपटाउन के कोच अमला ने बुधवार को ‘एसए20 इंडिया डे’ के दौरान मीडिया से कहा,'अगर आप दोनों गेंदबाजी आक्रमणों को देखें तो दोनों के पास बहुत अच्छे तेज गेंदबाज और अच्छे स्पिनर हैं। गेंदबाजी आक्रमण के नजरिए से दोनों टीमें काफी करीब हैं। (लेकिन) यह बल्लेबाजी और बड़ा स्कोर बनाने की क्षमता है जो आपके गेंदबाजों के लिए दबाव बनाने के लिए काफी महत्वपूर्ण है। और यह दोनों टीम के लिए सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक होगी, अपने गेंदबाजों को मैच जिताने के लिए पर्याप्त रन देना।'

दक्षिण अफ्रीका के लिए ये बात हो सकती है फायदेमंद

अमला ने कहा कि कुछ दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों में भारतीय परिस्थितियों का कम अनुभव उनके पक्ष में काम कर सकता है। उन्होंने कहा,'दक्षिण अफ्रीकी टीम में कई अनुभवहीन खिलाड़ी हैं जो पहली बार भारत आए हैं और यह उनके लिए फायदेमंद भी हो सकता है क्योंकि आप एक नई जगह पर आते हैं जहां आपने पहले कभी नहीं खेला है। पिछले दौरों में जो कुछ हुआ था उसका बोझ आप पर बहुत कम होता है और आप खुले दिमाग के साथ आते हैं इसलिए यह फायदेमंद हो सकता है और दक्षिण अफ्रीका के पक्ष में काम कर सकता है।'

साइमन हार्मर और केशव महाराज की जोड़ी मचा सकती है धमाल

अमला ने कहा कि 36 वर्षीय साइमन हार्मर दक्षिण अफ्रीकी आक्रमण में बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज के लिए आदर्श जोड़ीदार हैं। अमला ने कहा,'दस साल पहले जब हम यहां आए थे तो जाहिर है कि वह काफी युवा थे। 10 साल के अनुभव के साथ उन्होंने काउंटी क्रिकेट और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। जिस तरह से वह गेंदबाजी करता है, आप उसका आत्मविश्वास देख सकते हैं। वह वाकई कमाल का गेंदबाज होगा और शुक्र है कि दूसरे छोर पर केशव महाराज हैं जो शायद दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बाएं हाथ के स्पिनरों में से एक हैं। यह एक बेहद मजबूत जोड़ी होगी और हमें उम्मीद है कि यह दक्षिण अफ्रीका के लिए अच्छा होगा।'अमला ने कहा कि शुभमन गिल ने टेस्ट कप्तानी में शानदार शुरुआत की है क्योंकि भारतीय कप्तान ने इंग्लैंड दौरे पर अपनी पहली श्रृंखला में 754 रन बनाए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article