क्रिकेट

बैग पैक कीजिए और जाइए, हार के बाद फूटा पाकिस्तान के पूर्व बैटर का गुस्सा, कोच को भी सुनाई खरी-खरी

पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज ने बांग्लादेश के खिलाफ मिली हार का जिम्मेदार पाकिस्तान के बल्लेबाजों को बताया है। उन्होंने अब्दुल्ला शफीक की जमकर आलोचना की। इतना ही नहीं उन्होंने दोनों कोच की आलोचना की।

Image

अब्दुल्ला शफीक (साभार-x)

बांग्लादेश के खिलाफ 10 विकेट से मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान की ओर से साइडइफेक्ट शुरू हो गए हैं। पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज बासित अली ने पाकिस्तान के ओपनिंग बैटर अब्दुल्ला शफीक और और टीम के कोच पर सवाल खड़े किए हैं। बासित अली ने अब्दुल्ला शफीक के बारे में कहा कि वह जिस तरह से आउट हुए, मैं अगर ड्रेसिंग रुम में होता तो कहता कि बैग पैक कीजिए और जाइए। शफीक ने पहली पारी में केवल 2 रन बनाए थे जबकि दूसरी पारी में वह केवल 37 रन का योगदान दे पाए थे।

उन्होंने शफीक की आलोचना करते हुए कहा कि पाकिस्तान की हार का कारण उनका शॉट सेलेक्शन था। 37 रन बनाने के बाद आप इस तरह से अपनी विकेट नहीं फेंक सकते हैं। शान मसूद को उन्हें डंड देना चाहिए। शफीक अकेले नहीं थे जिन्होंने इस तरह से अपनी विकेट फेंकी। नसीम शाह भी गलत ढंग से आउट हुए थे।

दोनों कोच पर भी साधा निशाना

बासित अली यहीं नहीं रुके उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के वनडे और टेस्ट टीम के कोच पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गैरी कर्स्टन और जेसन गिलेस्पी दोनों अपना-अपना पहला मुकाबला हार गए। दोनों ने गलती की। कर्स्टन ने अमेरिका के खिलाफ सुपर ओवर मैच में गलती की तो गिलेस्पी ने रावलपिंडी के पिच को सही तरीके से नहीं पढ़ा। पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच शुक्रवार को खेला जाएगा। पाकिस्तान के पास बराबरी करने का आखिरी मौका होगा।

मैच की बात करें रावलपिंडी में पाकिस्तान की टीम फुल पेस अटैक के साथ उतरी थी। कप्तान और टीम मैनेजमेंट दोनों वहां की पिच को पढ़ने में नाकाम रहे थे। जहां पाकिस्तान ने एक भी स्पेशलिस्ट स्पिनर को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी थी वहीं बांग्लादेश की ओर से 20 में से 10 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने चटकाए थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article