नंबर वन ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने दो महीने बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में शानदार वापसी की और आने वाले टी20 सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका की टीम को खुली चुनौती दी। किसी भी खिलाड़ी के लिए वापसी करना इतना आसान नहीं होता, लेकिन हार्दिक आसान काम करते कब हैं। एक बार फिर उन्होंने अपने अंदाज में वापसी की और पंजाब के खिलाफ मैच में चेज करते हुए नाबाद 77 रन की मैच जिताऊ पारी खेल दी। उनकी इस पारी की मदद से बड़ौदा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी ग्रुप सी के मैच में पंजाब को सात विकेट से हरा दिया।
पांड्या ने 42 गेंद में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से यह पारी खेली। इससे पहले पंजाब ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 222 रन बनाये थे जिसमें भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के 19 गेंद में 50 रन शामिल थे। एक दिन पहले ही अभिषेक ने शानदार शतक जड़ा था और अब अगले ही दिन उन्होंने बता दिया कि वह क्यों इस फॉर्मेट के नंबर वन बल्लेबाज हैं। हालांकि, उनकी इस पारी पर हार्दिक पांड्या भारी पड़े।
पांड्या की पारी के दम पर बड़ौदा ने 19 . 1 ओवर में तीन विकेट पर 224 रन का मुश्किल लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। सितंबर में हुए दुबई में एशिया कप सुपर फोर मैच में श्रीलंका के खिलाफ खेलने के बाद पांड्या का यह पहला प्रतिस्पर्धी मैच था। हालांकि, उनकी गेंदबाजी फीकी रही। उन्होंने चार ओवर गेंदबाजी करके 52 रन दिये और केवल एक विकेट चटकाया।
बड़ौदा इस समय आठ अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर है जबकि गुजरात शीर्ष पर और पंजाब दूसरे स्थान पर है। वहीं एक अन्य मैच में गुजरात ने पुडुच्चेरी को नौ विकेट से हराया। पुडुच्चेरी की टीम 13 . 1 ओवर में 83 रन पर आउट हो गई जबकि गुजरात ने जवाब में नौ ओवर में एक विकेट खोकर 84 रन बना लिये।
