क्रिकेट

PAK vs BAN: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को पहली बार हराया, 10 विकेट से जीता रावलपिंडी टेस्ट

PAK vs BAN: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर इतिहास रच दिया। बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 30 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 7वें ओवर में हासिल कर लिया।

Image

पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश (साभार-Twitter)

PAK vs BAN: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को उनकी सरजमीं पर हराकर इतिहास रच दिया। रावलपिंडी में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 30 रन का लक्ष्य था जिसे उसने बिना किसी नुकसान के 6.3 ओवर में हासिल कर लिया। इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर इस मुकाबले में पाकिस्तान को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था।

पाकिस्तान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 448 रन बनाकर पारी घोषित की। पाकिस्तान की ओर मोहम्मद रिजवान ने 171 और सउद शकील 141 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा युवा सैम अयूब ने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 56 रन बनाए।

बांग्लादेश का मुंहतोड़ जवाब

बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान की पहली पारी का शानदार जवाब दिया और मुस्फिकुर रहीम के 191 और शदमान इस्लाम के 91 रन की पारी की बदौलत 565 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 117 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। बांग्लादेश की शानदार बल्लेबाजीका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बांग्लादेश की ओर से एक शतक और 3 अर्धशतकीय पारी खेली।

काम नहीं आया पाकिस्तान का पैंतरा

रावलपिंडी टेस्ट में पाकिस्तान की टीम फुल पेस अटैक के साथ उतरी थी। 28 साल बाद टीम दूसरी बार फुल पेस अटैक के साथ उतरी थी, लेकिन उसका यह पैंतरा बांगल्देश बल्लेबाजों के सामने नहीं चला। पाकिस्तान की ओर से नसीम शाह ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए। नसीम शाह के अलावा खुर्रम शहजाद, शाहीन अफरीदी और मोहम्मद अली ने 2-2 विकेट चटकाए।

दूसरी पारी में लड़खड़ाई पाक टीम

पहली पारी के आधार पर 117 रन का दबाव पाकिस्तानी बल्लेबाज दूसरी पारी में नहीं झेल पाए। दूसरी पारी में बांग्लादेश के गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान की टीम 146 रन ही बना पाई। दूसरी पारी में पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक 51 रन की पारी मोहम्मद रिजवान ने खेली। रिजवान के अलावा अब्दुल्ला शफीक ने 37 रन की पारी खेली। बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 30 रन चाहिए थे जिसे उसने बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया। गेंदबाजी में बांग्लादेश के हीरो रहे मेहदी हसन मिराज जिन्होंने 4 विकेट चटकाए। टेस्ट क्रिकेट में बांंग्लादेश की पाकिस्तान के खिलाफ यह पहली जीत है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article