क्रिकेट

AUS vs NAM Highlights: सुपर 8 में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी ऑस्ट्रेलिया, नामीबिया के खिलाफ रचा इतिहास

Australia vs Namibia Highlights: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए नामीबिया को 9 विकेट से मात दे दी है। इसी के साथ टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में गेंद के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली है।

Image

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (फोटो- AP)

Australia vs Namibia Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 24वें मैच में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 9 विकेट से हरा दिया है। ये ऑस्ट्रेलिया के टी20 वर्ल्ड कप 2024 की तीसरी जीत है और इसी के साथ टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 राउंड के लिए क्वालिफाई कर दिया है। वे ऐसा करने वाली दूसरी टीम बन गई है। ऑस्ट्रेलिया से पहले द.अफ्रीका भी सुपर 8 में पहुंच गई है। वहीं भारत के पास भी आज यूएसए को हराने के बाद टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 में पहुंचने का मौका है। मैच में नामीबिया ने पहले बैटिंग करते हुए केवल 72 रन बनाए और ऑलआउट हो गई। वहीं इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने इस लक्ष्य को केवल 5.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।

इस मैच में टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कंगारुओं ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नामीबिया के शुरुआत से ही विकेट लेने शुरू कर दिए। नामीबिया का ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने कोई जवाब नहीं था। टीम ने 8 ओवर के भीतर ही 4 विकेट गंवा दिए थे। पॉवरप्ले के बाद एडम जेम्पा ने अपना जादू बिखेरा और लगातार 4 विकेट लेकर नामीबिया को केवल 72 रनों पर ही ऑलआउट कर दिया। नामीबिया की तरफ से केवल कप्तान गेराल्ड इरासमस ही 10 का आंकड़ा पार कर सके।

ऑस्ट्रेलिया ने रचा इतिहास

इस छोटे से लक्ष्य को चेज करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने केवल 5.4 ओवर में ही एक विकेट के नुकसान पर इसे हासिल कर लिया टीम को डेविड वॉर्नर और ट्रेविस हेड ने शानदार शुरुआत दी। बाद में वॉर्नर के विकेट के बाद कप्तान मिचेल मार्श ने 9 गेंदों पर 18 रनों की पारी खेल मैच समाप्त कर दिया। ये टी20 वर्ल्ड कप में गेंदों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इस लिस्ट में टॉप पर श्रीलंका है जिसने 2014 में नीदरलैंड के खिलाफ 5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया था। वहीं ये ऑस्ट्रेलिया की टी20 वर्ल्ड कप में गेंदों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article