Asian Games 2026 Women Cricket: एशियन गेम्स 2026 में बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम ने बिना एक भी गेंद खेले सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बांग्लादेश को यह फायदा उसकी बेहतर आईसीसी रैंकिंग और बारिश की वजह से मिला। दरअसल, बांग्लादेश का क्वार्टर फाइनल मुकाबला चीन के खिलाफ होना था। यह मैच गुरुवार को आइची प्रांत के निशिन शहर स्थित कारोगी स्पोर्ट्स पार्क में शेड्यूल था। लेकिन सुबह से हो रही बारिश के कारण मैदान की आउटफील्ड पूरी तरह गीली हो गई। अंपायर्स ने कई बार मैदान का निरीक्षण किया, लेकिन हालात खेलने लायक नहीं थे। स्थिति ऐसी रही कि टॉस तक नहीं हो पाया और अंत में मैच को रद्द करना पड़ा।
चीन के खिलाफ मैच में हुई बारिश
टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक, अगर नॉकआउट मैच बारिश के कारण रद्द होता है तो ऊंची आईसीसी टी20 रैंकिंग वाली टीम अगले दौर में चली जाती है। इस मामले में बांग्लादेश को फायदा मिला। बांग्लादेश महिला टीम आईसीसी टी20 रैंकिंग में 10वें नंबर पर है, जबकि मेजबान चीन की टीम 36वें पायदान पर है। इस बड़े अंतर के चलते बांग्लादेश को सीधे अंतिम चार में एंट्री मिल गई।
भारत से हो सकता है सेमीफाइनल मैच
बांग्लादेश के लिए यह किसी बोनस से कम नहीं है। बिना एनर्जी गंवाए टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जिससे खिलाड़ियों को आराम का अतिरिक्त समय भी मिल गया। अब सेमीफाइनल में बांग्लादेश का सामना भारत और जापान के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। यह मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम टूर्नामेंट की गत चैंपियन है और 8 टीमों की इस प्रतियोगिता में प्रबल दावेदार मानी जा रही है।
दूसरी तरफ पाकिस्तान को थाईलैंड जैसी टीम के खिलाफ जीत के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बारिश से प्रभावित 11 ओवर के मैच में पाकिस्तान ने 3 विकेट से जीत दर्ज की। थाईलैंड की गेंदबाजों ने पाकिस्तान को खूब परेशान किया, लेकिन अंत में अनुभव ने जीत दिला दी। एशियन गेम्स महिला क्रिकेट के सेमीफाइनल मुकाबले 20 सितंबर को खेले जाएंगे।
