क्रिकेट

Ashes 2023 Third Test: दूसरी पारी में 224 रन पर ढेर हुए कंगारू, इंग्लैंड को मिला जीत के लिए आसान लक्ष्य

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 9, 2023, 12:25 AM IST

इंग्लैंड की टीम लीड्स में खेले जा रहे तीसरे एशेज टेस्ट में जीत के करीब पहुंच गई है। बारिश से प्रभावित तीसरे दिन कंगारुओं को दूसरी पारी में 224 रन पर ढेर करने के बाद जीत के लिए मिले 251 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 27 रन बना लिए हैं। ऐसा रहा तीसरे दिन के खेल का हाल।

Image

इंग्लैंड क्रिकेट टीम

Photo : AP

लीड्स: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रही एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट इंग्लैंड की झोली में आता दिख रहा है। मैच के बारिश से प्रभावित तीसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी दूसरी पारी में 224 रन पर ढेर हो गई। ऐसे में जीत के लिए इंग्लैंड को मैच की चौथी पारी में 251 रन बनाने का लक्ष्य मिला है। सीरीज में ऑस्ट्रेलिया शुरुआती 2 मैच में जीत हासिल करके 2-0 से आगे चल रही है। ऐसे में इंग्लैंड की टीम के पास वापसी करने का ये शानदार मौका है। तीसरे दिन के खेल के खत्म होने तक इंग्लैंड ने 27 रन बगैर किसी नुकसान के बना लिए हैं। जैक क्रॉले 9 और बेन डकेट 18 रन बनाकर खेल रहे हैं। जीत से इंग्लैंड 224 रन दूर है और उसके सभी 10 विकेट शेष हैं।

131 के स्कोर पर लगा पांचवा झटका, बारिश में धुला पहले दो सत्र का खेल

तीसरे दिन के खेल की शुरुआत में बारिश ने बाधा डाली। पहले दो सत्र का खेल बारिश की भेंट चढ़ गया। चायकाल के बाद खेल शुरू हुआ तो ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट पर 116 रन से आगे खेलना शुरू हुआ। तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका पहली पारी के शतकवीर मिचेल मार्श के रूप में लगा। मार्श 28 रन बनाकर वोक्स की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। 131 के स्कोर पर कंगारुओं ने पांच विकेट गंवा दिए थे।

ट्रेविस हेड ने अर्धशतक जड़कर बचाई लाज

इसके बाद एक छोर ट्रेविस हेड संभाले रहे दूसरे छोर से इंग्लिश तेज गेंदबाज विकेट गिराते गए। किसी तरह ऑस्ट्रेलिया ने 200 रन के आंकड़े को पार किया। इसी दौरान हेड ने 94 गेंद पर 6 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। वो ऑस्ट्रेलियाई पारी के आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। वो 77 रन की पारी खेलकर पवेलियन वापस लौटे। इंग्लैंड के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड और क्रिस वोक्स ने 3-3 विकेट चटकाए। वहीं 2-2 विकेट मार्क वुड और मोईन अली के खाते में गए।

जीत से अब 224 रन दूर इंग्लैंड

जीत के लिए 251 रन के लक्ष्य का पीछा करने इंग्लैंड के लिए जैक क्रॉले और बेन डकेट की जोड़ी उतरी। दोनों ने संधे हुए अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 27 रन बना लिए हैं। जीत से इंग्लैंड की टीम 224 रन दूर है और दो दिन का खेल बाकी है। क्रॉले 9 और बेन डकेट 18 रन बनाकर नाबाद हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article