क्रिकेट

Ashes2023: ऑस्ट्रेलिया पर लगा लॉर्ड्स में बेईमानी से जीतने का आरोप, बेन स्टोक्स ने डाला आग में घी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 3, 2023, 06:30 AM IST

इंग्लैंड की लॉर्ड्स टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 43 रन के अंतर से हार के बाद जॉनी बेयर्स्टो का विकेट विवाद का विषय बन गया है। कप्तान बेन स्टोक्स के मैच के बाद के बयान ने आग में घी डालने का काम किया है।

Image

जॉनी बेयर्स्टो लॉर्ड्स टेस्ट में आउट दिए जाने के बाद निराश

Photo : AP

लंदन: ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को लॉर्ड्स में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट में 43 रन के अंतर से मात देकर सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। जीत के लिए चौथी पारी में इंग्लैंड को 371 रन का लक्ष्य मिला था। ऐसे में कप्तान बेन स्टोक्स ने 155 रन की आतिशी पारी खेलकर इंग्लैंड को 300 रन के पार तो पहुंचा दिया लेकिन उनके आउट होते ही पूरी टीम 327 रन पर ढेर हो गई और मैच गंवा दिया।

बेयर्स्टो के विकेट ने पलटी बाजी

ऑस्ट्रेलियाई टीम की जीत इंग्लैंड को हजम नहीं हो पा रही है। पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम पर लॉर्ड्स टेस्ट में बेईमानी करके जीतने के आरोप लगे। इसकी वजह जॉनी बेयर्स्टो का विकेट है। जो दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से स्टंपिंग होकर पवेलियन वापस लौट गए। उनके आउट होते ही इंग्लैंड का स्कोर 193 रन पर 6 विकेट हो गया। वो केवल 10 रन बना सके। उनके आउट होने से इंग्लैंड की 371 रन के लक्ष्य को हासिल करने की संभावनाओं को तगड़ा झटका लगा। मैच के बाद कप्तान बेन स्टोक्स ने इस विवाद को और हवा दे दी।

विवादास्पद ढंग से आउट हुए बेयर्स्टो

ये वाकया इंग्लैंड की दूसरी पारी के 52वें ओवर की आखिरी गेंद पर हुआ। कैमरन ग्रीम की शार्ट पिच गेंद को छोड़ दिया और वो सीधे विकेटकीपर कैरी के दस्तानों में चली गई। कैरी ने बेयर्स्टो को क्रीज के बाहर देखा और उन्होंने कोई चूक ना करते हुए गेंद को अंडर आर्म थ्रो के जरिए स्टंप्स पर दे मारा। तब तक बेयर्स्टो क्रीज छोड़ चुके थे। शॉर्ट लेग पर खड़े खिलाड़ी ने आउट की अपील कर दी और अंपायर ने उन्हें स्टंप आउट करार दिया।

मैं खेल भावना के नजरिए से सोचता

हार के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान स्टोक्स ने इस मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, इसमें कई फैक्टर हैं। मैंने अंपायरों से पूछा कि क्या उनकी नजर में गेंद पूरी हो गई थी उन्होंने ना में जवाब दिया। ऐसे में वो आउट थे। अगर मैं उनकी जगह पर होता तो खेल भावना के नजरिए से सोचता। घटना बीत चुकी है और वो आउट करार दिए जा चुके हैं हमें अब आगे बढ़ना चाहिए।

नहीं चाहता इस तरह मैच जीतना

सोशल मीडिया में इस बात को लेकर भी बहस चल रही है कि उन्हें स्टंपिग करार दिया जाना चाहिए या रन आउट। स्टोक्स ने बेयर्स्टो के विकेट को मैच का सबसे अहम पल माना। उन्होंने कहा, मेरे ख्याल से यह पल ऑस्ट्रेलिया के लिए मैच बदलने वाला था। लेकिन सवाल उठता है कि क्या मैं इस तरह मैच जीतना चाहता हूं तो मेरा जवाब साफ तौर पर ना होगा। इस तरह के मुकाबले में मुझे इस अंदाज में जीत नहीं चाहिए।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article