क्रिकेट

IND vs PAK T20: इसे कहते हैं शुरुआत, अर्शदीप ने विश्व कप शुरू होते ही पाक को दिया डबल झटका

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 23, 2022, 02:08 PM IST

Arshdeep Singh, India vs Pakistan (IND vs PAK) T20 Match: भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे टी20 विश्व कप 2022 के मैच में अर्शदीप सिंह ने आते ही धमाकेदार शुरुआत की। अर्शदीप ने अपने करियर के पहले विश्व कप की पहली गेंद पर विकेट झटका। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम को पहली गेंद पर आउट किया।

Image

अर्शदीप सिंह (AP)

India vs Pakistan (IND vs PAK) T20 Match: टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2022 के पहले मुकाबले में मेलबर्न के मैदान पर भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की तरफ से इस मैच में पहले स्पेल में रोहित शर्मा ने युवा पेसर अर्शदीप सिंह से गेंदबाजी कराने का फैसला किया और जिस गेंदबाज ने कुछ समय पहले एशिया कप मैच में पाकिस्तान के खिलाफ कैच छोड़कर आलोचनाओं का सामना किया था, उसी अर्शदीप सिंह ने विश्व कप करियर की शुरुआत विकेट के साथ की और पहले ही स्पेल में पाकिस्तान को दो झटके दिए।

मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की तरफ से बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान गेंदबाजी करने उतरे। भारत की तरफ से पहला ओवर करने उतरे भुवनेश्वर कुमार ने सिर्फ एक रन दिया और पाकिस्तानी ओपनर्स संघर्ष करते नजर आए। भुवनेश्वर ने माहौल बना दिया था और अब देखना था कि रोहित दूसरा ओवर किससे करवाएंगे।

रोहित शर्मा ने दूसरा ओवर युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को थमा दिया जो कुछ ही समय पहले एशिया कप में एक कैच छोड़ने की वजह से भारत की हार की वजह बने थे। लेकिन अर्शदीप ने पाकिस्तान से पहली ही गेंद पर हिसाब बराबर कर लिया। अर्शदीप ने अपने विश्व कप करियर के पहली गेंद पर बाबर आजम को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।

बाबर आजम ने इस स्विंग होती गेंद को अपनी कलाई का इस्तेमाल करते हुए शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंद पैड से लगी और अर्शदीप ने जोरदार अपील कर दी। अर्शदीप की अपील पर अंपायर इरासमस ने तुरंत उंगली उठाकर आउट का इशारा दिया। लेकिन बाबर आजम ने रिव्यू लेने का फैसला किया और ये रिव्यू भारत के पक्ष में गया।

इसके बाद भी अर्शदीप सिंह थमे नहीं। अपने विश्व कप करियर की पहली गेंद पर बाबर आजम को शून्य पर आउट करने के बाद मैच के चौथे और अपने दूसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने दूसरे ओपनर मोहम्मद रिजवान (4) को भुवनेश्वर कुमार के हाथों बाउंड्री के करीब कैच आउट कराते हुए पाकिस्तान को दूसरा झटका भी दे दिया।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article