आईपीएल 2023 का फाइनल मुकाबला अंबाती रायडू के लिए आखिरी मैच था। उन्होंने पहले ही आईपीएल से संन्यास की घोषणा कर दी थी। वह रोहित के साथ दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने 6 बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है। आईपीएल संन्यास के बाद रायडू को लेकर अनिल कुंबले ने साल 2019 में उन्हें वर्ल्ड कप टीम में शामिल न करने पर प्रतिक्रिया दी है।
जियो सिनेमा पर आईपीएल 2023 के फाइनल मैच में कॉमेंट्री के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि 2019 वर्ल्ड कप में अंबाती रायडू को मौका मिलना चाहिए। इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह एक बहुत बड़ी गलती थी। आपने उन्हें इस रोल के लिए तैयार किया था और अचानक स्क्वॉड से उन्हें गायब कर दिया। यह आश्चर्यचकित कर देने वाली घटना थी।
आपको बता दें कि उस वक्त रायडू शानदार फॉर्म में चल रहे थे और उन्होंने साल 2018 में चेन्नई की ओर से खेलते हुए 602 रन बनाए थे और चेन्नई को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
2019 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया में नंबर 4 को लेकर खूब चर्चा हुई थी। सेलेक्शन से पहले तक यह तय था कि इस पोजिशन के लिए अंबाती रायडू को मौका मिलेगा, लेकिन अंतिम वक्त में उस वक्त के चीफ सेलेक्टर एमएसके प्रसाद ने विजय शंकर को थ्री डी प्लेयर बताकर शामिल कर लिया था। सेलेक्शन के बाद अंबाती रायडू ने एमएसके प्रसाद की सोशल मीडिया पर आलोचना भी की थी। उन्होंने एमएसके प्रसाद की चुटकी लेते हुए कहा लिखा था कि मैंने वर्ल्ड कप देखने के लिए थ्री डी चश्मे का ऑर्डर कर दिया है। उन्होंने वर्ल्ड कप के दौरान ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी।
इतना ही नहीं कुंबले ने कहा कि यह सेलेक्टर की बहुत बड़ी गलती थी। इसके अलावा उन्होंने इसके लिए उस वक्त टीम के कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री की भी आलोचना की है।
