क्रिकेट

55 चौके, 8 छक्के... बिहार की अक्षरा गुप्ता ने रचा इतिहास, वनडे मैच में लगाई ट्रिपल सेंचुरी

Akshara Gupta Triple Hundred: बिहार धीरे-धीरे क्रिकेट प्रतिभाओं की नई खान बनता जा रहा है। पिछले दो सालों में जहां दुनिया ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का क्रिकेट पिच पर जादू देखा, वहीं अब महिला क्रिकेट में भी एक नाम ने सुर्खियां बटोरी हैं। ये हैं अक्षरा गुप्ता, जिन्होंने अंडर-19 मैच में तिहरा शतक लगा दिया है।

Image

अक्षरा गुप्ता ने वनडे मैच में लगाई ट्रिपल सेंचुरी (Instagram/BiharCricketAssociation)

Akshara Gupta Scores Record Triple Century In One Day Match: बिहार ने हाल में आईपीएल और टीम इंडिया को कई शानदार क्रिकेटर दिए हैं और अब महिला क्रिकेट में भी राज्य से शानदार प्रतिभा सामने निकलकर आई है। हम बात कर रहे हैं युवा बल्लेबाज अक्षरा गुप्ता की, जिन्होंने बिहार क्रिकेट एसोसिएशन महिला अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट में ऐसी पारी खेली है जिसने नया इतिहास रच दिया है। अक्षरा ने भागलपुर में हुए घरेलू अंडर-19 वनडे मैच में तिहरा शतक लगाकर नया रिकॉर्ड बना दिया है।

बीसीए (बिहार क्रिकेट एसोसिएशन) अंडर-19 वनडे ट्रॉफी मैच में टीम 'ए' के लिए खेलते हुए अक्षरा गुप्ता ने ऐतिहासिक पारी खेली। इस युवा बल्लेबाज ने सबसे पहले तो सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करके विरोधी टीम की गेंदबाजों में डर पैदा कर दिया। लेकिन उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी यहीं नहीं रुकी क्योंकि अगली 18 गेंदों में वो अपने शतक तक जा पहुंचीं। अक्षरा ने सिर्फ 34 गेंदों में शतक लगा दिया।

अक्षरा गुप्ता का बल्ला यहीं नहीं थमा, उन्होंने शतक के बाद दोहरा शतक भी पूरा किया और देखते-देखते इस युवा बल्लेबाज ने वनडे मैच में ट्रिपल सेंचुरी लगाने का कमाल कर दिखाया। अक्षरा ने मैच में सिर्फ 126 गेंदों में नाबाद 306 रनों की पारी खेल डाली। उन्होंने अपनी इस यादगार पारी के दौरान 242.86 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।

मैच के दौरान अक्षरा ने 233 मिनट पिच पर बिताए और अपनी नाबाद 306 रनों की इस रिकॉर्डतोड़ पारी में 55 चौके लगाए, जबकि उनके बल्ले से 8 बेमिसाल छक्के भी निकले।

आपको बता दें कि महिला घरेलू क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड मुंबई की ईरा गुप्ता के नाम दर्ज है, जिन्होंने घरेलू स्टेट लेवल मैच के दौरान 42 चौके और 16 छक्के लगाते हुए 346 रनों की पारी खेली थी। हालांकि, अब मौजूदा दौर में अंडर-19 महिला क्रिकेट में अक्षरा गुप्ता का शतक उनके लिए आने वाले समय में डब्ल्यूपीएल और भारतीय महिला क्रिकेट टीम के रास्ते खोल सकता है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article