टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम इंडिया में क्यों मिली ईशान किशन को जगह? आगरकर ने दिया बोल्ड जवाब
- Authored by: नवीन चौहान
- Updated Dec 20, 2025, 03:59 PM IST
मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने बताया टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में ईशान किशन को क्यों मिली है जगह? ईशान के बारे में आगरकर ने खुलकर जवाब दिया।
ईशान किशन (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
Ishan Kishan included in T20 World Cup 2026 Squad: सैयद मुश्ताल अली ट्रॉफी में झारखंड को अपनी आतिशी बल्लेबाजी और कप्तानी के बल पर जीत दिलाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को टी20 विश्व कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम में जगह दी गई है। उन्हें टीम में दूसरे विकेटकीपर और बैकअप सलामी बल्लेबाज के रूप में शामिल किया गया है। उनके टीम में आने से शुभमन गिल को बाहर का रास्ता देखना पड़ा है।
ईशान थे इस वक्त सबसे बेहतरीन विकल्प
ईशान किशन को टीम में शामिल किए जाने के बारे में अजीत आगरकर ने कहा, व्हाइट बॉल क्रिकेट में वो टॉप पर बैटिंग करते हैं, वो शानदार फॉर्म में हैं, वो भारत के लिए पहले भी खेल चुके हैं, वनडे में दोहरा शतक भी जड़ चुके हैं। ईशान भारतीय टीम में इसलिए नहीं थे क्योंकि ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल थे। दोनों अच्छे खिलाड़ी है। उनके टीम में नहीं होने की और कोई वजह नहीं थी। वो ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करते हैं संजू भी टॉप पर बैटिंग करते हैं। हमें लगा कि यह कॉम्बिनेशन सही है। अभिषेक शर्मा भी वहां हैं। जब आप टीम बना रहे होते हैं तो सही तरह के बैकअप प्लेयर्स का चयन करते हैं। इस तरह के टूर्नामेंट में अगर किसी खिलाड़ी को चोट लगे या फॉर्म गड़बड़ हो तो विकल्प होना चाहिए। तो हमें लगा कि वो इस वक्त वो सबसे बेहतरीन विकल्प हैं।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रहे टॉप स्कोरर
ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड़ की कप्तानी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और टीम को पहली बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका अदा की। फाइनल में ईशान ने हरियाणा के खिलाफ 49 गेंद में 101 रन की शतकीय पारी खेली, शतकीय पारी में उन्होंने 6 चौके और 10 छक्के जड़े। उन्होंने टूर्नामेंट में 10 मैच की 10 पारी में एक बार नाबाद रहते हुए 57.44 के औसत और 197.32 के स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 517 रन बनाए। नाबाद 113 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में 2 शतक और 2 अर्धशतक जड़े। सीजन में ईशान ने 51 चौके और 33 छक्के जड़े।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन(विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल(उपकप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, ईशान किशन(विकेटकीपर)