क्रिकेट

फुल टाइम कप्तान बनने के बाद स्मृति मंधाना ने बताया टीम इंडिया के लिए अपना लक्ष्य

भारतीय महिला टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने जिंबाब्वे के खिलाफ रायपुर में जिंबाब्वे के खिलाफ सीरीज के आगाज से पहले अपना लक्ष्य बताया है।

Image

स्मृति मंधाना (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

रायपुर: भारतीय महिला टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने बुधवार को कहा कि उनकी टीम अगले साल होने वाली शुरूआती महिला चैंपियंस ट्रॉफी से पहले होने वाले छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी। मंधाना शुक्रवार से रायपुर में जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के तौर पर भारतीय टीम की अगुआई करेंगी। इसके बाद दोनों टीम के बीच तीन वनडे मैच भी खेले जाएंगे।

गुरुवार को पीएम से टीम करेगी मुलाकात

इस बीच एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय महिला टीम गुरुवार को पुरुष टीम के साथ नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों सम्मानित होने के कार्यक्रम में हिस्सा लेगी। मंधाना ने यहां पत्रकारों से कहा,'जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली द्विपक्षीय श्रृंखला खेलना काफी रोमांचक है। हम पहली बार उनके खिलाफ खेलेंगे। कभी-कभी जिम्बाब्वे और अन्य एसोसिएट देशों के साथ खेलने पर लगता है कि आप उनसे भी काफी कुछ सीख सकते हैं क्योंकि वे अपने क्रिकेट का भरपूर आनंद लेते हैं।'

चैंपियंस ट्रॉफी की छह महीने करेंगे तैयारी

मंधाना ने कहा,'कभी-कभी हम पेशेवर क्रिकेट में कई चीजों में उलझ जाते हैं। आप उनसे काफी कुछ सीख सकते हैं। लेकिन भारतीय टीम के तौर पर चैंपियंस ट्रॉफी से पहले हमारे पास छह टी20 मैच हैं। इसलिए हम अगले तीन महीनों में चैंपियंस ट्रॉफी तक अपनी तैयारियों के लिए कुछ मानक तय करना चाहेंगे कि भारतीय टीम के तौर पर हमें किस तरह आगे बढ़ना है।'

टी20 फॉर्मेट में ही सुधार की जरूरत

मंधाना ने कहा कि टी20 प्रारूप में भारतीय टीम को अभी कई क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा,'पिछले डेढ़ साल में हमने विश्व कप जीता है, लेकिन टी20 प्रारूप में कुछ ऐसी चीजें थीं जिन पर हमें विशेष रूप से काम करने की जरूरत थी। हमें कई चीजों पर काम करना है और बहुत कुछ व्यवस्थित करना है। लेकिन मुझे लगता है कि आज अच्छी और सकारात्मक बातों पर चर्चा करने का दिन है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article