क्रिकेट

इसे कहते हैं कमाल! अपने नाम वाले स्टेडियम में ही जड़ दिया शतक

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 3, 2023, 05:33 PM IST

बंगाल क्रिकेट टीम के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने उत्तराखंड के खिलाफ धमाकेदार शतक जड़कर एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली जो दुनिया का दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी भी शायद ही अपने नाम कर पाया हो।

Image

इसे कहते हैं कमाल! अपने नाम वाले स्टेडियम में ही जड़ दिया शतक

देहरादून: उत्तराखंड में जन्मे बंगाल क्रिकेट टीम के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने गुरुवार को एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली जो दुनिया के बड़े से बड़े क्रिकेटर को इससे पहले शायद ही नसीब हुई हो। उन्होंने उत्तराखंड के खिलाफ बंगाल के लिए खेलते हुए अपने ही नाम वाले स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी में शतक जड़ने का अनोखा कारनामा कर दिखाया है।

उत्तराखंड के खिलाफ जड़ा शतक

अभिमन्यु ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए के उत्तराखंड के खिलाफ मुकाबले के पहले ही दिन नाबाद शतक जड़ दिया। अभिमन्यु ने देहरादून के अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में उत्तराखंड के खिलाफ 238 गेंद में 141 रन की नाबाद पारी(खबर लिखे जाने तक) खेली। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 1 छक्का जड़ा।

पिता ने कराया था बेटे के नाम स्टेडियम का निर्माण

इस स्टेडयिम का निर्माण अभिमन्यु के पिता रंगनाथन परमेश्वरन ईश्वरन ने कराया है। उन्होंने साल 2005 में स्टेडियम के निर्माण के लिए जमीन खरीदी थी। टेस्ट डेब्यू के मुहाने पर पहुंच चुके अभिमन्यु ने अबतक 20 प्रथम श्रेणी शतक जड़ चुके हैं। हाल ही में उन्होंने बांग्लादेश दौरे पर इंडिया-ए के लिए खेलते हुए बैक टू बैक शतक जड़े थे।

बांग्लादेश दौरे पर मिली थी टेस्ट टीम में जगह

इस प्रदर्शन के बाद उन्हें रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। इससे पहले साल 2021 आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले के लिए उन्हें टेस्ट टीम में स्टैंडबाई प्लेयर के रूप में शामिल किया गया था। देहरादून में पैदा हुए ईश्वरन अपने क्रिकेटर बनने का सपना पूरा करने के लिए कोलकाता चले गए थे उस वक्त उनकी उम्र महज 10 साल थी। साल 2013 में अभिमन्यु ने बंगाल के लिए खेलते हुए अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article