किसी भी टीम में ओपनिंग जोड़ी के तौर पर सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग की जोड़ी हो तो विपक्षी टीम के गेंदबाजों का चैन उड़ना स्वाभाविक है, लेकिन पाकिस्तान के ऑलराउंडर ने इन दो बल्लेबाजों को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिस पर यकीन करना थोड़ा मुश्किल है। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन की उपस्थिति में कोई टीम अगर वीरेंद्र सहवाग को ज्यादा खतरनाक माने और उसके लिए खास तैयारियां करे तो यह कमाल की बात है। पाकिस्तान के ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक ने इसको लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अब्दुल रज्जाक ने किया खुलासा
पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में ये खुलासा किया है कि पाकिस्तान की टीम सचिन से ज्यादा सहवाग को खतरनाक मानती थी और उनके लिए योजना बनाती थी और इस सूची में सचिन का नाम दूसरे नंबर पर था।
रज्जाक ने कहा 'वीरेंद्र सहवाग सबसे खतरनाक खिलाड़ी थे। उनके बाद सचिन तेंदुलकर थे। पाकिस्तान हमेशा इन दोनों बल्लेबाजों के लिए खास योजना बनाता था। हम लोगों का मानना था कि यदि हम लोगों ने ये दो विकेट ले लिए तो हम मैच जीत जाएंगे। गेंदबाजी मे हमारे बल्लेबाज जहीर खान के खिलाफ योजना बनाते थे। इरफान पठान और हरभजन के खिलाफ भी टीम की खास योजना होती थी।
सहवाग से क्यों खौफ खाते थे पाकिस्तानी?
टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो पाकिस्तान के खिलाफ वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड शानदार रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ सहवाग ने 9 टेस्ट मैच में 91.04 की औसत से कुल 1276 रन बनाए हैं जिसमें 4 शतक शामिल है। इसमें मुल्तान में उनके द्वारा बनाया गया 309 रन की पारी भी शामिल है, जिन्होंने उन्हें मुल्तान का सुल्तान बनाया। पाकिस्तान के खिलाफ सहवाग के नाम 1 ट्रिपल सेंचुरी के अलावा दो डबल सेंचुरी भी शामिल है। सहवाग ने 2005 में बैंगलोर में और 2006 में लाहौर में दोहरा शतक जड़ा था।
