Karun Nair Retirement: करुण नायर ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में आठ साल बाद टीम में वापसी की थी। लेकिन वह इस मौके को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। चार टेस्ट मैचों में उन्होंने 25.62 की औसत से 205 रन बनाए। हालांकि उन्हें शुरुआत मिली, लेकिन बड़ी पारी में बदलने के लिए वे संघर्ष करते दिखे। इस दौरे पर उनका एकमात्र अर्धशतक ओवल टेस्ट में आया।
आकाश चोपड़ा का बयान
अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि 'श्रेयस को कप्तान क्यों बनाया गया है? क्योंकि टेस्ट मैचों में तीसरे और छठे स्थान अब भी खाली हैं। साई सुदर्शन और अभिमन्यु ईश्वरन जैसे खिलाड़ी टीम में शामिल हैं, लेकिन करुण नायर को नहीं चुना गया।'आकाश के मुताबिक नायर का प्रदर्शन “ठीक-ठाक” रहा। उन्होंने कहा कि नायर ने दूसरा मौका मांगा और पाया भी, लेकिन वह उसे दोनों हाथों से लपकने में नाकाम रहे। हालांकि, चोपड़ा का मानना है कि उनका प्रदर्शन इतना खराब भी नहीं था कि उन्हें पूरी तरह टीम से बाहर कर दिया जाए।
बल्लेबाज़ी क्रम में बदलाव से प्रभावित प्रदर्शन
करुण नायर को इंग्लैंड दौरे पर तीसरे और छठे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने भेजा गया। इसके बावजूद उन्होंने रन बनाए। आकाश चोपड़ा का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी नायर को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत दौरे में एक और मौका मिलेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।उन्होंने कहा कि "दुर्भाग्य से, अब आप करुण नायर को शायद खेलते हुए नहीं देख पाएंगे। वह फिट हैं, लेकिन फिर भी उन्हें चयनकर्ताओं ने नजरअंदाज कर दिया। लगता है चयन समिति ने तय कर लिया है कि अब नायर को टीम का हिस्सा नहीं बनाया जाएगा।"
भारत-ए बनाम ऑस्ट्रेलिया-ए सीरीज़ का कार्यक्रम
भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच 16 से 26 सितंबर के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दो चार-दिवसीय मैच खेले जाएंगे। इस सीरीज़ में श्रेयस अय्यर को भारत-ए की कप्तानी सौंपी गई है। टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, लेकिन करुण नायर को बाहर किए जाने से उनके अंतरराष्ट्रीय करियर पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।
