क्रिकेट

T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अब तक 13 टीमों ने किया क्वालिफाई, जानें किसे मिला मौका

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर अभी से चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसका आयोजन भारत और श्रीलंका में संयुक्त रुप से किया जाने वाला है ऐसे में इसमें कौन कौन सी टीमों ने क्वालिफाई किया है इसे जान लेना जरूरी है।

Image

टी20 वर्ल्ड कप 2026 (फोटो- ICC)

T20 World Cup 2026: इंग्लैंड और भारत के बीच चल रही टेस्ट सीरीज के बीच क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अब एक और बड़े आयोजन की ओर जाने वाला है। अगले आठ महीने बाद आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होगी, जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करेंगे। इस टूर्नामेंट के लिए अब तक 13 टीमें क्वालीफाई कर चुकी हैं, जिनमें हाल ही में कनाडा भी शामिल हो गया है।

कनाडा ने अमेरिका क्वालीफायर में दिखाया दबदबा

कनाडा ने अमेरिका रीजनल फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जगह बना ली। उन्होंने बहामास के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज की। बहामास को पहले बल्लेबाजी करते हुए कनाडा की गेंदबाजी ने सिर्फ 57 रन पर ढेर कर दिया, जिसमें कलीम सना और शिवम शर्मा ने तीन-तीन विकेट झटके। इसके बाद दिलप्रीत बाजवा ने 14 गेंदों में 36 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर मैच को सिर्फ 5.3 ओवर में समाप्त कर दिया।निकोलस किर्टन की कप्तानी में कनाडा ने अमेरिका क्वालीफायर में अपने सभी 5 मैच जीते, जिसमें बरमूडा, केमन आइलैंड्स और बहामास जैसी टीमों को उन्होंने धूल चटाई।

भारत में दूसरी बार खेलेगा कनाडा

यह कनाडा का दूसरा मौका होगा जब वह भारत में होने वाले किसी विश्व कप में हिस्सा लेगा। इससे पहले, उन्होंने 2011 के ODI वर्ल्ड कप में भाग लिया था, जो भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था। हालांकि, उन्होंने उस टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच जीता था।इस साल 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी कनाडा ने पहली बार क्वालीफाई किया था। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज की, लेकिन भारत के खिलाफ मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया, जिससे उनका टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो गया।

अब तक क्वालीफाई कर चुकी टीमें (13/20)

मेजबान: भारत, श्रीलंका

पूर्ण सदस्य देश: ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान

स्वतः क्वालीफाई: वेस्टइंडीज, अमेरिका, आयरलैंड

रीजनल क्वालीफायर: कनाडा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अभी 7 और टीमों का चयन होना बाकी है, जो अगले कुछ महीनों में विभिन्न क्वालीफायर टूर्नामेंट्स के जरिए तय होंगी। क्रिकेट फैंस इस मेगा इवेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जहां दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमें भारतीय पिचों पर अपना जलवा दिखाएंगी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article