स्पोर्ट्स

Asian Athletics Championship: 20 किमी पैदल चाल में प्रियंका गोस्वामी ने जीता रजत पदक, विकास सिंह को मिला कांस्य

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 16, 2023, 11:06 AM IST

भारत की प्रियंका गोस्वामी और विकास सिंह ने थाइलैंड में चल रही एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के आखिरी दिन 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में क्रमश: रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।

Image

प्रियंका गोस्वामी

बैंकॉक: भारत की प्रियंका गोस्वामी और विकास सिंह ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन रविवार को क्रमश: महिलाओं और पुरुषों की 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में रजत और कांस्य पदक जीते। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक प्रियंका ने महिलाओं की 20 किमी पैदल चाल में एक घंटा, 34 मिनट और 24 सेकंड का समय लेकर चीन की यांग लिउजिंग (1:32:37) के बाद दूसरा स्थान हासिल किया। जापान की युकिको उमेनो ने 1:36:17 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। प्रियंका का सर्वश्रेष्ठ समय हालांकि एक घंटा, 28 मिनट और 45 सेकंड है। इस स्पर्धा में भाग ले रही एक अन्य भारतीय भावना जाट एक घंटा, 38 मिनट और 26 सेकंड का समय लेकर पांचवें स्थान पर रहीं।

विकास ने 1 घंटा, 29 मिनट , 32 सेकेंड में तय की दूरी

पुरुषों की 20 किमी पैदल चाल में विकास ने एक घंटा, 29 मिनट और 32 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक हासिल किया। जापान के युतारो मुरायामा (1:24:40) ने स्वर्ण पदक जबकि चीन के वांग काइहुआ (1:25:29) ने रजत पदक जीता। भारत के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अक्षदीप सिंह रेस पूरी नहीं कर पाए क्योंकि जजों ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया था।

पहले ही कटा चुके हैं वर्ल्ड चैंपियनशिप और ओलंपिक का टिकट

विकास का सर्वश्रेष्ठ समय एक घंटा, 20 मिनट, पांच सेकंड है। यह उनका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला पदक है। राष्ट्रमंडल खेल 2022 में 10 किमी पैदल चाल में रजत पदक जीतने वाली प्रियंका और विकास 17 से 29 अगस्त तक हंगरी के बुडापेस्ट में होने वाली विश्व चैंपियनशिप और 2024 में होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं।।

End of Article