अध्यात्म

Weekly Horoscope : तिजोरियां भरने की तैयारी कर लें ये 5 राशियां, जून के तीसरे हफ्ते में बड़ा फायदा तय

Weekly Horoscope 15 June to 21 June 2026 : यह सप्ताह आपके लिए कैसा रहने वाला है, यह ग्रहों और नक्षत्रों की चाल डिसाइड करती है। आइए साप्ताहिक राशिफल से जानते हैं कि आपके लिए यह हफ्ता कैसा रहेगा।

Image

साप्ताहिक राशिफल सभी 12 राशि वालों के लिए

Weekly Horoscope 15 June to 21 June 2026 : ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस सप्ताह बुध मिथुन राशि में, शुक्र और गुरु कर्क राशि में, केतु सिंह राशि में, राहु कुंभ राशि में, शनि मीन राशि में और मंगल मेष राशि में रहेंगे। सप्ताह के पहले दिन चंद्रमा वृष राशि में रहेंगे। 15 जून को दोपहर 12 बजकर 58 मिनट के बाद सूर्य मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे। 16 जून को मंगल कृत्तिका नक्षत्र में और 18 जून को गुरु पुष्य नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। 21 जून को सप्ताह का अंत मंगल के वृषभ राशि में प्रवेश के साथ होगा।इस सप्ताह की शुरुआत मिथुन संक्रांति और पुरुषोत्तम माह की सोमवती अमावस्या से हो रही है।

इस दिन भगवान शिव की उपासना, शिवलिंग पर जलाभिषेक और तिल-चावल का दान करना शुभ माना गया है। इस सप्ताह बगलामुखी मंत्र का जप, सुंदरकांड का पाठ, दीपदान और अन्न दान का विशेष महत्व रहेगा। तीर्थ यात्रा, गंगा स्नान और धार्मिक कार्यों से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी। प्रतिदिन गाय को रोटी और गुड़ खिलाएं। माता-पिता और बड़े भाई का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें। भगवान की भक्ति और दान-पुण्य के कार्य इस सप्ताह शुभ फल प्रदान करेंगे। आइए जानते हैं कि सभी 12 राशि वालों के लिए यह सप्ताह कैसा रहने वाला है।

मेष राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह सूर्य और बुध तृतीय भाव में रहेंगे और गुरु चतुर्थ भाव में गोचर करेंगे। सप्ताह के मध्य के बाद चंद्रमा बिजनेस के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाएंगे। गुरुवार के बाद कॅरियर को नई दिशा देने का समय रहेगा। कार्यक्षेत्र में आ रही बाधाओं का समाधान होगा और प्रगति के नए अवसर मिलेंगे। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह नई योजनाओं पर काम करने का रहेगा। नए प्रोजेक्ट मिल सकते हैं। नौकरी में भी सकारात्मक बदलाव के संकेत हैं। शनिवार को अधिक यात्रा करने से बचें। स्टूडेंट्स के लिए यह समय बहुत महत्वपूर्ण है। पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करें और समय का सही उपयोग करें। स्वास्थ्य के लिए यह सप्ताह बेहतर रहेगा। लव लाइफ में खुशियां बनी रहेंगी।

उपाय: हनुमान जी की उपासना करें। क्रोध पर नियंत्रण रखें। गेहूं और गुड़ का दान करें।

शुभ रंग: नारंगी और पीला

शुभ अंक: 04 और 06

भाग्य प्रतिशत: 70%

वृषभ राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह सूर्य और बुध आपकी राशि से द्वितीय भाव में रहेंगे। शनि एकादश भाव में रहकर लाभ के अवसर बनाएंगे। सप्ताह के पहले दिन चंद्रमा भी आपकी राशि में रहेंगे, जिससे आत्मविश्वास बढ़ेगा। व्यवसाय में लाभ के योग बनेंगे। मंगलवार के बाद नौकरी में चल रहे पुराने विवाद समाप्त होने की संभावना है। अचानक धन प्राप्ति के योग बन सकते हैं। शुक्र और बुध आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायता करेंगे। परिवार से जुड़े किसी विशेष कार्य को पूरा करने के लिए प्रयास करेंगे। वाणी पर संयम रखें। स्वास्थ्य में कफ से जुड़ी परेशानी को लेकर सावधानी बरतें।

उपाय: भगवान विष्णु जी की उपासना करें। सात अन्न और फल का दान करें।

शुभ रंग: हरा और सफेद

शुभ अंक: 03 और 09

भाग्य प्रतिशत: 65%

मिथुन राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

15 जून को दोपहर 12:58 बजे के बाद सूर्य आपकी राशि में गोचर करेंगे। शनि दशम भाव में और बुध आपकी राशि में रहेंगे। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह सफलता देने वाला रहेगा। बुधवार को रुका हुआ कोई महत्वपूर्ण कार्य पूरा हो सकता है। बिजनेस से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। नई योजनाओं पर काम करने का अवसर मिलेगा। गुरुवार तक प्रेम जीवन अच्छा रहेगा। शनिवार को लांग ड्राइव या सुंदर डिनर का योग बन सकता है। समय प्रबंधन की कमी परेशानी दे सकती है, इसलिए अपने कार्यों की सही योजना बनाएं।

उपाय: हनुमान जी की उपासना करें और उड़द का दान करें।

शुभ रंग: हरा और नीला

शुभ अंक: 05 और 07

भाग्य प्रतिशत: 60%

कर्क राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह गुरु द्वितीय भाव में और शनि भाग्य भाव में रहेंगे। 15 जून के बाद सूर्य द्वादश भाव में गोचर करेंगे। विद्यार्थियों को मेहनत के अनुसार परिणाम पाने के लिए व्यवस्थित तरीके से पढ़ाई करनी होगी। बुधवार के बाद व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। नौकरी में मंगलवार को तनाव की स्थिति बन सकती है। कार्यस्थल पर धैर्य बनाए रखें। प्रेम जीवन को लेकर खुश रहेंगे। बुधवार को स्वास्थ्य में त्वचा से जुड़ी परेशानी हो सकती है। अपनी दिनचर्या पर ध्यान दें।

उपाय: सप्तश्लोकी दुर्गा का 9 बार पाठ करें।

शुभ रंग: लाल और नारंगी

शुभ अंक: 05 और 09

भाग्य प्रतिशत: 65%

सिंह राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह राशि स्वामी सूर्य एकादश भाव में रहेंगे। आईटी और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। गुरु द्वादश, सूर्य मिथुन और शनि सप्तम भाव में रहेंगे। बुधवार के बाद कर्क और मकर राशि के उच्चाधिकारियों की सहायता मिल सकती है। विद्यार्थियों को करियर को बेहतर बनाने के लिए सही दिशा में मेहनत करनी होगी। सोमवार को चंद्रमा धार्मिक कार्यों के लिए अनुकूल रहेंगे। अपने अच्छे संपर्कों का लाभ मिलेगा। शनिवार को स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी परेशानी हो सकती है। प्रेम जीवन सुखद रहेगा।

उपाय: अन्न दान सबसे श्रेष्ठ दान है। असत्य बोलने से बचें। पिता का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।

शुभ रंग: नारंगी और पीला

शुभ अंक: 05 और 06

भाग्य प्रतिशत: 65%

कन्या राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह सूर्य दशम भाव में और गुरु एकादश भाव में रहेंगे। बुध और शुक्र मीडिया, आईटी और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों को प्रगति के अवसर देंगे। सोमवार को धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी और मन को शांति मिलेगी। मंगलवार को राजनीति और मैनेजमेंट क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत और कार्यशैली की प्रशंसा होगी। नौकरी में उच्च अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। शुक्रवार को मंगल और सूर्य के प्रभाव से लीवर से जुड़ी परेशानी हो सकती है, इसलिए स्वास्थ्य को लेकर सावधानी रखें। प्रेम जीवन में मधुरता बनी रहेगी।

उपाय: श्री गणेश जी की उपासना करें। गणेश जी को दूर्वा अर्पित करें। नौकरी में सफलता के लिए सूर्य उपासना करें।

शुभ रंग: पीला और नारंगी

शुभ अंक: 03 और 09

भाग्य प्रतिशत: 70%

तुला राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह राशि स्वामी शुक्र गुरु के साथ दशम भाव में रहेंगे। सप्ताह के पहले दिन चंद्रमा अष्टम भाव में रहेंगे। सोमवार को अष्टम चंद्रमा स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी परेशानी दे सकता है। शुक्र और बुध आईटी व फाइनेंस सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए अच्छे परिणाम देंगे। आपकी कार्यशैली लोगों को प्रभावित करेगी। नौकरी और बिजनेस में नए अवसर मिल सकते हैं। शनिवार को धार्मिक यात्रा का योग बन सकता है, जिससे मन को शांति मिलेगी। मंगलवार को मानसिक तनाव और डर से दूर रहने का प्रयास करें। बुधवार को अधिक भागदौड़ से बचें।

उपाय: मिष्ठान और शीतल जल का दान करें।

शुभ रंग: नीला और आसमानी

शुभ अंक: 03 और 08

भाग्य प्रतिशत: 65%

वृश्चिक राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह चंद्रमा सप्तम भाव में रहेंगे। शनि मीन राशि में और सूर्य 15 जून के बाद अष्टम भाव में गोचर करेंगे। बिजनेस से जुड़े लोगों को बड़े लाभ के अवसर मिल सकते हैं। नौकरी में बदलाव के लिए प्रयास कर सकते हैं। बुधवार के बाद नौकरी को लेकर चली आ रही पुरानी चिंताओं का समाधान मिलेगा। कार्यक्षेत्र में सफलता प्राप्त होगी। स्वास्थ्य के लिए समय अच्छा रहेगा। गुरुवार के बाद शुक्र की अनुकूल स्थिति से प्रेम जीवन में मधुरता आएगी और रिश्तों में मजबूती आएगी।

उपाय: सप्तश्लोकी दुर्गा का 9 बार पाठ करें।

शुभ रंग: नारंगी और पीला

शुभ अंक: 03 और 09

भाग्य प्रतिशत: 75%

धनु राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह शनि चतुर्थ भाव में, राशि स्वामी गुरु और शुक्र अष्टम भाव में तथा चंद्रमा षष्ठम भाव में रहेंगे। मंगलवार के बाद बिजनेस से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी। गुरुवार के बाद नौकरी में परिवर्तन और नए पद के लिए प्रयास करने का अच्छा समय रहेगा। कार्यक्षेत्र में अपनी परफॉर्मेंस को और बेहतर करें। शुक्रवार को अनचाही यात्रा से परेशानी हो सकती है। प्रेम जीवन में भावनाओं पर नियंत्रण रखें और रिश्तों में समझदारी बनाए रखें।

उपाय: भगवान विष्णु जी की उपासना करें। आर्थिक स्थिति बेहतर करने के लिए श्री सूक्त का पाठ करें। असत्य से बचें।

शुभ रंग: पीला और लाल

शुभ अंक: 05 और 06

भाग्य प्रतिशत: 85%

मकर राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह राशि स्वामी शनि तृतीय भाव में रहेंगे। 15 जून के बाद सूर्य षष्ठम भाव में गोचर करेंगे। सोमवार को चंद्रमा पंचम भाव में रहेंगे, जो शिक्षा के लिए शुभ फल देंगे। मंगलवार के बाद बिजनेस को लेकर समय अच्छा रहेगा। नौकरी में गुरुवार को कुछ बदलाव संभव हैं। विद्यार्थियों के लिए यह सप्ताह मेहनत और एकाग्रता से सफलता पाने का रहेगा। गुरुवार को स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी परेशानी हो सकती है। शुक्रवार को वाहन खरीदने का विचार बन सकता है। गुरु और शुक्र शुभ परिणाम देंगे।

उपाय: भगवान विष्णु जी की उपासना करें और पीले वस्त्रों का दान करें।

शुभ रंग: नीला और पीला

शुभ अंक: 04 और 06

भाग्य प्रतिशत: 70%

कुंभ राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह 15 जून के बाद सूर्य पंचम भाव में रहेंगे और शनि आपकी राशि से द्वितीय भाव में गोचर करेंगे। चंद्रमा और गुरु धन लाभ के योग बनाएंगे। परिवार में किसी आयोजन के कारण कार्यों की अधिकता रह सकती है। सोमवार को बिजनेस से जुड़े काम अचानक बढ़ सकते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई व्यवस्थित तरीके से करनी होगी। मंगलवार से काम का दबाव बढ़ सकता है, लेकिन सही योजना के साथ आप अपने प्रोजेक्ट समय पर पूरे कर लेंगे। शुक्रवार को प्रेम जीवन में नया मोड़ आ सकता है। विवाह की बात आगे बढ़ सकती है।

उपाय: श्री सूक्त का पाठ करें। अन्न दान करते रहें।

शुभ रंग: नीला और हरा

शुभ अंक: 05 और 08

भाग्य प्रतिशत: 75%

मीन राशि का 15 से 21 जून तक का साप्ताहिक राशिफल

इस सप्ताह राशि स्वामी गुरु और शुक्र पंचम भाव में तथा शनि आपकी राशि में गोचर करेंगे। बिजनेस को लेकर यह सप्ताह अच्छा रहेगा। 15 जून के बाद सूर्य चतुर्थ भाव में रहेंगे। गुरुवार के बाद बिजनेस में अपनी कार्य पद्धति को नई दिशा देंगे। नौकरी में प्रमोशन के लिए प्रयास कर रहे लोगों को मेष और धनु राशि के उच्च अधिकारियों का सहयोग मिल सकता है। युवाओं की लव लाइफ अच्छी रहेगी। मंगलवार को क्रोध पर नियंत्रण रखें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन अपनी दिनचर्या का ध्यान रखें।

उपाय: हनुमान बाहुक का पाठ करें।

शुभ रंग: सफेद और लाल

भाग्य प्रतिशत: 65%

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Sujeet jee Maharaj
सुजीत जी महाराजauthor

सुजीत जी महाराज ज्योतिष और वास्तु विज्ञान एक्सपर्ट हैं जिन्हें 20 वर्षों का ज्योतिष, तंत्र विज्ञान का अनुभव हासिल हैं। 25000 से ऊपर लेख देश के कई बड़े पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं और कई बड़े पुरस्कार भी प्राप्त कर चुके हैं जिसमें ,एक अमेरिका के संस्था से भी प्राप्त है। यह गणित के साथ फलित ज्योतिष पर भी पकड़ रखते हैं और ज्योतिष के क्षेत्र में इन्हें कई सम्मान मिल चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article