Vastu Tips For New Year 2023: नए साल की शुरुआत होने में अब कुछ ही समय बचा है। सभी लोग नए साल की तैयारियों में जुट गए हैं। हर व्यक्ति यह चाहता है कि उसके घर पर सुख-समृद्धि और सकारात्मक वातावरण बना रहे। अगर आप भी ऐसा चाहते हैं तो नए साल से पहले कुछ नकारात्मक चीजों को घर से बाहर निकाल फेंके। नए साल के मौके पर कई लोग घर की साफ-सफाई करते हैं और पूजा-पाठ करते हैं। क्योंकि ऐसा माना जाता है कि जहां स्वच्छता होती है वहीं मां लक्ष्मी का वास होता है। ऐसे में नए साल की शुरुआत से पहले घर की साफ-सफाई के दौरान इन चीजों को बाहर निकाल फेंके। इससे घर पर सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होगा और मां लक्ष्मी की कृपा भी बनी रहेगी।
नए साल पहले इन चीजों का दिखाएं बाहर का रास्ता
कांटेदार पौधे
घर पर पेड़-पौधे लगाना बहुत ही शुभ माना जाता है। पेड़-पौधों को धार्मिक और वास्तु शास्त्र के दृष्टिकोण से भी शुभ माना गया है। इससे घर पर सकारात्मकता बढ़ती है। लेकिन भूलकर भी घर में कांटेदार पौधे नहीं होने चाहिए। अगर आपके घर, आंगन, बालकनी या कमरे में कांटेदार पौधे हैं तो इन्हें नए साल से पहले हटा दें। वास्तु शास्त्र के अनुसार जिस घर पर कांटेदार पौधे होते हैं वहां आर्थिक समस्याएं बनी रहती है।
टूटा शीशा
टूटा हुआ दर्पण या शीशा को अशुभता का प्रतीक माना जाता है। घर पर यदि टूटा हुआ दर्पण या कांच के टूटे हुए बर्तन आदि हों तो इन्हें भी नए साल से पहले घर से बाहर निकाल दें। इससे नकारात्मकता तेजी से बढ़ती है।
बंद पड़ी या खराब घड़ी
ऐसी घड़ी जो उपयोगी नहीं हो या खराब पड़ी हो, इसे घर पर रखना बहुत ही अशुभ माना गया है। वास्तु शास्त्र के अनुसार बंद पड़ी या खराब घड़ी को घर पर रखने से नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और कार्य में बाधा उत्पन्न होती है। इसलिए नए साल से पहले आप खराब घड़ियों की मरम्मत कराएं या फिर इन्हें हटा दें।
डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।
