Vastu Tips For Bathroom Plants: वास्तु शास्त्र में घर की पॉजिटिव एनर्जी को बढ़ाने और नेगेटिव एनर्जी को दूर रखने के लिए घर पर रखी चीजों के दिशा और स्थान को महत्वपूर्ण माना गया है। वास्तु शास्त्र के अनुसार घर रखी पेटिंग, शोपीस, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स अप्लाइंसेंज और यहां तक कि पेड़-पौधों का प्रभाव भी घर पर पड़ता है। इसलिए वास्तु शास्त्र में घर पर रखी छोटी से बड़ी चीजों के महत्व के बारे में बताया गया है। यदि घर पर रखी चीजें वास्तु के अनुसार हो तो इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ता है। लेकिन चीजें गलत तरीके से रखी गई हैं तो यह वास्तु दोष का कारण भी बन सकती है। इससे घर पर कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
घर को सजाने संवारने के लिए लोग आजकल पेड़-पौधों पर विशेष ध्यान देते हैं। पेड़-पौधों से न सिर्फ शुद्ध हवा मिलती है बल्कि इससे घर की शोभा भी बढ़ती है। घर को सजाने के लिए आजकल इंडोर प्लांट्स का चलन तेजी से बढ़ा है। लोग अपने लिविंगरूम, बेडरूम से लेकर स्टडी रूम में इनडोर प्लांट्स लगाते हैं। लेकिन कुछ लोग बाथरूम में भी पेड़-पौधे लगाकर बाथरूम की खूबसूरती बढ़ाना चाहते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं है कि बाथरूम में पेड़पौधे लगाना वास्तु दोष का कारण बनता है। इससे घर पर कलह-क्लेश की स्थिति रहती है, परिवार के लोग अक्सर बीमार रहते हैं, आर्थिक तंगी बनी रहती है और कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
वास्तु शास्त्र में बाथरूम के लिए भी कई चीजों के बारे में बताया गया है, जिससे वास्तु दोष उत्पन्न हो सकता है। इन्हीं में एक है पेड़-पौधे। वैसे तो वास्तु में पेड़-पौधों का विशेष महत्व होता है। लेकिन कुछ ऐसे भी पेड़ पौधे होते हैं जिन्हें बाथरूम में लगाने से बचना चाहिए। क्योंकि इसका नकारात्मक प्रभाव आपके जीवन पर भी पड़ सकता है। जानते हैं बाथरूम में कौन से पेड़-पौधे बनते हैं दुर्भाग्य का कारण।
मनी प्लांट
मनी प्लांट का पौधा कहीं भी आसानी से लग जाता है। इसलिए कुछ लोग इसे बाथरूम में भी लगाते हैं। लेकिन मनी प्लांट को बाथरूम में नहीं लगाना चाहिए। क्योंकि मनी प्लांट को धन-समृद्धि का कारक माना जाता है। साथ ही इसका संबंध शुक्र ग्रह से होता है। बाथरूम में मनी प्लांट लगाने से धन-संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती है। लेकिन इसे घर पर लगाना बहुत शुभ होता है।
जेड प्लांट- जेड प्लांट को वास्तु शास्त्र और फेंगशुई मे बहुत ही लकी पौधा माना गया है। इस पौधे को घर के प्रवेश द्वार, बालकनी या आंगन कहीं भी लगा सकते हैं। लेकिन बाथरूम में जेड प्लांट लगाने से बचना चाहिए।
बोनसाई का पौधा
बोनसाई का पौधा केवल बाथरूम ही नहीं बल्कि घर के भीतर भी नहीं रखना चाहिए। इसलिए होम डेकोर के लिए कभी इस पौधे का इस्तेमाल न करें। इससे धन का अभाव होता है।
(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)
