अध्यात्म

अगस्त 2026 में क्या है वाहन खरीदने के शुभ मुहूर्त, यहां देखें पूरी लिस्ट

Vehicle purchase muhurat August 2026 : शुभ मुहूर्त में वाहन की खरीदारी करने से दुर्घटना और धन हानि का खतरा काफी कम हो जाता है। आइए जानते हैं कि अगस्त 2026 में वाहन खरीदारी के कौन से मुहूर्त हैं।

Image

अगस्त में कब खरीदें वाहन

Vehicle Purchase Muhurat August 2026 : नई कार, बाइक या किसी भी वाहन की खरीदारी केवल एक आर्थिक फैसला नहीं होती, बल्कि भारतीय परंपरा में इसे शुभ कार्य माना जाता है। यही कारण है कि आज भी बड़ी संख्या में लोग वाहन खरीदने से पहले पंचांग, तिथि, नक्षत्र और शुभ मुहूर्त का विचार करते हैं। मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में खरीदा गया वाहन लंबे समय तक सुख, सुरक्षा और समृद्धि का कारण बनता है।

ज्योतिषाचार्य पं. सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार, वाहन खरीदने के लिए केवल शुभ दिन ही नहीं, बल्कि तिथि, नक्षत्र और मुहूर्त का भी विशेष महत्व होता है। यदि किसी व्यक्ति की जन्मकुंडली उपलब्ध हो तो उसके अनुसार मुहूर्त निकालना सबसे उत्तम माना जाता है। वहीं, सामान्य लोगों के लिए पंचांग में बताए गए शुभ मुहूर्त भी लाभकारी माने जाते हैं। आइए जानते हैं कि अगस्त 2026 में नई कार, बाइक या अन्य वाहन खरीदने के लिए कौन-कौन से दिन शुभ रहेंगे।

अगस्त 2026 में वाहन खरीदने के शुभ मुहूर्त कौन से हैं

तारीखदिनमुहूर्तनक्षत्रतिथि
7 अगस्तशुक्रवारशाम 6:43 बजे से 8 अगस्त सुबह 5:46 बजे तकरोहिणीदशमी
9 अगस्तरविवारसुबह 5:47 बजे से 11:04 बजे तकमृगशिराएकादशी
10 अगस्तसोमवारदोपहर 12:26 बजे से 11 अगस्त सुबह 4:54 बजे तकपुनर्वसुत्रयोदशी
16 अगस्तरविवारशाम 4:52 बजे से 17 अगस्त सुबह 5:51 बजे तकहस्त, चित्रापंचमी
17 अगस्तसोमवारसुबह 5:51 बजे से 18 अगस्त सुबह 5:52 बजे तकचित्रापंचमी-षष्ठी
20 अगस्तगुरुवारसुबह 9:08 बजे से रात 9:18 बजे तकअनुराधाअष्टमी
26 अगस्तबुधवारसुबह 5:56 बजे से 7:59 बजे तकश्रवणत्रयोदशी
27 अगस्तगुरुवारसुबह 9:08 बजे से 28 अगस्त सुबह 5:57 बजे तकधनिष्ठा, शतभिषापूर्णिमा
28 अगस्तशुक्रवारसुबह 5:57 बजे से 29 अगस्त रात 3:13 बजे तकशतभिषापूर्णिमा-प्रतिपदा
31 अगस्तसोमवारसुबह 5:58 बजे से 8:50 बजे तकरेवतीतृतीया

इन मुहूर्तों को शुभ क्यों माना जाता है

वाहन खरीदने के लिए पंचांग में ऐसे नक्षत्रों को प्राथमिकता दी जाती है, जो स्थिरता, सुरक्षा और प्रगति का संकेत देते हैं। अगस्त 2026 में बनने वाले अधिकांश शुभ मुहूर्त रोहिणी, मृगशिरा, पुनर्वसु, हस्त, चित्रा, अनुराधा, श्रवण, धनिष्ठा, शतभिषा और रेवती जैसे शुभ नक्षत्रों में पड़ रहे हैं। मुहूर्त शास्त्र में इन नक्षत्रों को लंबे समय तक उपयोग में आने वाली वस्तुओं की खरीद के लिए अनुकूल माना गया है।

कौन-सा नक्षत्र वाहन खरीदने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है?

रोहिणी नक्षत्र

रोहिणी को समृद्धि और स्थिरता का नक्षत्र माना जाता है। इस नक्षत्र में खरीदा गया वाहन लंबे समय तक साथ देने वाला माना जाता है।

मृगशिरा नक्षत्र

यह नक्षत्र नए कार्यों की शुरुआत और यात्रा के लिए शुभ माना जाता है। वाहन खरीदने के लिए भी इसे अच्छा माना गया है।

पुनर्वसु नक्षत्र

पुनर्वसु नक्षत्र सुख-सुविधाओं में वृद्धि और सकारात्मक शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इस नक्षत्र में वाहन खरीदना शुभ फलदायी माना जाता है।

हस्त और चित्रा नक्षत्र

हस्त नक्षत्र सफलता और दक्षता का प्रतीक है, जबकि चित्रा नक्षत्र सौंदर्य, सुविधा और आकर्षण से जुड़ा माना जाता है। इसलिए इन दोनों नक्षत्रों में वाहन खरीदना शुभ माना जाता है।

अनुराधा, श्रवण और धनिष्ठा

ये तीनों नक्षत्र प्रगति, प्रतिष्ठा और दीर्घकालिक लाभ से जुड़े माने जाते हैं। व्यापारिक वाहन या प्रोफेशनल उपयोग के लिए वाहन खरीदने वालों के लिए ये विशेष रूप से शुभ माने जाते हैं।

शतभिषा और रेवती

रेवती यात्रा और सुरक्षा का नक्षत्र माना जाता है, जबकि शतभिषा नई शुरुआत और संरक्षण का प्रतीक है। इन नक्षत्रों में वाहन खरीदना शुभ माना जाता है।

अगस्त 2026 में किन दिनों वाहन खरीदने से बचना चाहिए

अगस्त 2026 में कई ऐसे दिन भी हैं, जब पंचांग के अनुसार वाहन खरीदने की सलाह नहीं दी गई है। इनमें 1, 4, 8, 11, 15, 18, 22, 25 और 29 अगस्त जैसे दिन शामिल हैं। इसके अलावा कुछ दिनों में शुभ नक्षत्र उपलब्ध नहीं हैं या वर्जित तिथि शुभ नक्षत्र के प्रभाव को कम कर रही है। ऐसे दिनों में यदि बहुत जरूरी न हो, तो वाहन खरीदने से बचना बेहतर माना जाता है।

नई गाड़ी खरीदने के बाद क्या करें

भारतीय परंपरा में वाहन खरीदने के बाद कुछ शुभ कार्य करने की भी मान्यता है। वाहन को घर लाने से पहले भगवान गणेश का स्मरण करें। यदि परिवार की परंपरा हो तो नारियल फोड़कर या पूजा कर वाहन का शुभारंभ करें। वाहन पर स्वस्तिक या शुभ चिन्ह बनाना भी शुभ माना जाता है। पहली यात्रा किसी मंदिर या धार्मिक स्थान तक करना कई परिवारों की परंपरा होती है। साथ ही वाहन के सभी दस्तावेज, बीमा और सुरक्षा संबंधी औपचारिकताओं की जांच अवश्य करें।

क्या केवल शुभ मुहूर्त देखकर वाहन खरीदना पर्याप्त है

ज्योतिषाचार्य पं. सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार, शुभ मुहूर्त वाहन खरीदने के लिए सकारात्मक समय प्रदान करता है, लेकिन यदि व्यक्ति की जन्मकुंडली में चतुर्थ भाव, शुक्र और चंद्रमा मजबूत हों तो वाहन सुख और भी बेहतर माना जाता है। इस कारण जिन लोगों के लिए संभव हो, उन्हें व्यक्तिगत कुंडली के अनुसार मुहूर्त निकलवाना अधिक लाभकारी हो सकता है।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी पंचांग पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article