अध्यात्म

Sawan Shivratri Vrat Niyam: सावन शिवरात्रि व्रत में क्या करें और क्या नहीं, जानें ये 5 खास नियम

Shivratri ka Vrat Kaise Rakhte hain (सावन की शिवरात्रि का व्रत कैसे किया जाता है): सावन शिवरात्रि व्रत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन शिव भक्त पूजा-पाठ और कांवड़ का जल चढ़ाने के साथ व्रत भी रखते हैं। यहां जानें सावन शिवरात्रि शिवरात्रि व्रत में क्या खाना चाहिए क्या नहीं, शिवरात्रि व्रत में क्या नहीं करना चाहिए, शिवरात्रि व्रत के नियम।

Image

सावन शिवरात्रि व्रत के नियम (Photo Source: Canva)

सावन शिवरात्रि व्रत में क्या खाना चाहिए (Sawan Shivratri Vrat Ke Niyam): सनातन धर्म में सावन की शिवरात्रि का विशेष महत्व है। ये दिन भोले बाबा को समर्पित है। इस दिन सुबह से ही मंदिरों में भक्त की लाइन लग जाती है। हर कोई बाबा की भक्ति में लीन नजर आता है। घर और मंदिरों में जलाभिषेक होते हैं, बेलपत्र और धतूरा चढ़ाया जाता है। वहीं, शिवरात्रि का व्रत भी रखा जाता है। अगर आप भी सावन की शिवरात्रि का व्रत कर रहे हैं तो आपको इसके कुछ विशेष नियमों का पालन जरूर करना चाहिए। नियमों को ध्यान में रखकर अगर व्रत किया जाए तो भोलेबाबा प्रसन्न होते हैं और हर कष्ट से मुक्ति देते हैं।

सावन शिवरात्रि के नियम-

सावन शिवरात्रि व्रत में क्या खाना चाहिए?

सावन शिवरात्रि के व्रत में फलाहार लिया जाता है। इसमें अन्न ग्रहण नहीं करते। अगले दिन व्रत का पारण करने के बाद ही अन्न ग्रहण किया जाता है। सावन शिवरात्रि का व्रत कर रहे हैं तो ध्यान रखें कि इस दिन खान-पान से लेकर विचार तक सबकुछ सात्विक होना चाहिए। साथ ही किसी भी प्रकार की खट्टी चीजों का भी सेवन करने से बचना चाहिए। सावन शिवरात्रि व्रत में फलाहार लें। इसमें आप साबूदाना, समा के चावल, सिंघाड़े का आटा, राजगिरा आटा आदि का सेवन कर सकते हैं। सावन शिवरात्रि व्रत में आप ताजे फल खा सकते हैं जो सुपाच्य हों और आसानी से पच जाएं। सावन शिवरात्रि व्रत में छाछ, नींबू पानी, ताजे फलों का जूस भी पी सकते हैं। दूध से बने मिष्ठान का सेवन भी कर सकते हैं।

शिवरात्रि व्रत में चाय या कॉफी पी सकते हैं?

शिवरात्रि व्रत में चाय और कॉफी का सेवन किया जा सकता है। बस इस बात का ध्यान रखना है कि चाय या कॉफी बनाने के किसी भी सामान में अन्न के हाथ न लगे हों।

सावन शिवरात्रि व्रत में बाल धो सकते हैं?

सावन की शिवरात्रि व्रत के दिन बाल धोने पर किसी भी तरह की पाबंदी नहीं है। ऐसे में इस दिन आप बिना किसी टेंशन के बाल धो सकते हैं। लेकिन जिन लोगों के यहां किसी भी व्रत में बाल धोने से परहेज किया जाता है तो वो जरूर इस दिन बाल धोने से बचें।

सावन शिवरात्रि में जलाभिषेक कैसे करें?

सावन शिवरात्रि के दिन मंदिर में जाकर शिवलिंग का जलाभिषेक अवश्य करें। इस दौरान पीतल के लोटे में दूध, दही, शहद, गंगाजल और पानी मिलाकर उसका पंचामृत बनाएं और उसे शिवलिंग पर अर्पित करें।

शिवरात्रि के दिन क्यों नहीं सोना चाहिए?

सावन शिवरात्रि का व्रत कर रहे हैं तो ब्रह्मचर्य का पालन अवश्य करना चाहिए और दिन में नहीं सोना चाहिए। दिन में सोने से व्रत का फल नहीं मिलता है।

सावन शिवरात्रि के दिन तुलसी पूजा कर सकते हैं?

सावन शिवरात्रि के दिन आप मां तुलसी की अलग से पूजा कर सकते हैं लेकिन शिव जी की पूजा में भूलकर भी तुलसी का उपयोग नहीं करना चाहिए। न ही शिव जी और तुलसी माता की साथ में पूजा होनी चाहिए।

सावन शिवरात्रि व्रत में क्या नमक खा सकते हैं?

सावन शिवरात्रि व्रत में आप सेंधा नमक का सेवन कर सकते हैं। ये व्रत वाला नमक होता है। व्रत के खाने में घरों में प्रयोग होने वाला आम सफेद नमक नहीं डाला जाता है।

Srishti
सृष्टिauthor

सृष्टि टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की फीचर डेस्क से जुड़ी कंटेंट राइटर हैं, जो मुख्य रूप से धर्म और लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। सृष्टि को आध्यात्म, भारतीय संस्कृति और साहित्य में गहरी रुचि है। यही वजह है कि उनके लेखों में परंपरा, आस्था और जीवनशैली की सहज समझ खूबसूरती से दिखाई देती है। वह धार्मिक कथाओं, ग्रंथों से जुड़े विषयों, आध्यात्मिक ट्रेंड्स और समकालीन जीवनशैली पर 5,000 से अधिक लेख लिख चुकी हैं। मॉडर्न लाइफस्टाइल और पारंपरिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाते हुए वह ऐसे कंटेंट गढ़ती हैं, जो प्रेरक होने के साथ-साथ जानकारीपूर्ण भी होता है।

और पढ़ें
End of Article