Panch Koshi and 14 Koshi Parikrama Date and Time: हिंदू धर्म के मुख्य धार्मिक स्थानों में से एक भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या है। दीपावली के अवसर पर आयोध्या में भव्य दीपोत्सव मनाया जाता है और लाखों दीपों एवं लेजर लाइट से अयोध्या नगरी दुल्हन की तरह सजाई जाती है। यहां दीपोत्सव की रौनक देखने लाखों की संख्या में लोग आते हैं लेकिन इस कार्तिक मास में यहां परिक्रमाओं का विशेष महत्व है। अयोध्या में 84, 14 और 5 कोसी परिक्रमाएं होती हैं। इन परिक्रमाओं की परंपरा सदियों से चली आ रही है। जानकारों का मानना है कि इन परिक्रमाओं को करने से पञ्चतत्वों से निर्मित इस शरीर की शुद्धि होती है और कई जन्मों के पाप भी नष्ट हो जाते हैं।
कार्तिक मास में होने वाली इन परिक्रमाओं के दौरान ही भगवान विष्णु का देवोत्थान होता है। 14 कोसी परिक्रमा में राम नगरी अयोध्या शहर की परिक्रमा की जाती है जबकि 5 कोसी में अयोध्या क्षेत्र की और 84 कोसी में पूरे अवध क्षेत्र की परिक्रमा की जाती है। 5 कोसी परिक्रमा रामजन्म भूमि के चारों तरफ 5 कोस की परिधि में होती है। कार्तिक नवमी के दिन लाखों श्रद्धालु भगवान राम की जन्मभूमि के चारों ओर 14 कोसी परिक्रमा पूरी करते हैं। इस बार अयोध्या में होने वाली 14 कोसी एवं पंचकोसी परिक्रमा की तारीख और समय तय हो चुका है।
चौदह कोसी परिक्रमा तारीख और समय
आरम्भ- 1/11/2022 रात्रि 12:48 मिनट से अगले दिन 2/11/2022 बुधवार को रात्रि 10:33 मिनट तक
पंच कोसी परिक्रमा
आरम्भ- 4/11/2022 शुक्रवार को पूरे दिन भर
कार्तिक पूर्णिमा/नहान/देव दीपावली- 8/11/2022 दिन मंगलवार को
पांच कोसी परिक्रमा करके भी श्रद्धालुओं को शुभ फलों की प्राप्ति होती है। परिक्रमा का आध्यात्मिक वैज्ञानिक दोनों तरह का महत्व बताया जाता है। देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में बच्चे, बूढ़े और युवा सभी भक्तिभाव के साथ परिक्रमा करते हैं। प्रशासन भी इस परिक्रमा की तैयारी में काफी दिन पहले लग जाता है क्योंकि इस समय रिकॉर्ड संख्या में लोग परिक्रमा करने आते हैं।
