अध्यात्म

Birthstone: क्या आप जानते हैं आपका बर्थ स्टोन कौन सा है, एक रत्न बदल सकता है आपकी किस्मत

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 24, 2022, 10:30 AM IST

Birthstone: ग्रह-नक्षत्रों की दशा और राशि के अनुसार ही नहीं बल्कि कुछ रत्नों को जन्म के महीने के अनुसार धारण करने से भी लाभ होता है। जानते हैं जन्म के अनुसार कौन सा रत्न आपके लिए लकी है।

Image

जन्म के महीने के अनुसार जानें कौन सा रत्न है आपके लिए लकी

KEY HIGHLIGHTS
  • जन्म के महीने के अनुसार रत्न कहलाते हैं बर्थस्टोन
  • बर्थस्टोन से संबंधित रत्न पहनने से होता है लाभ
  • भाग्य और भविष्य के लिए शुभ होते हैं बर्थस्टोन

Lucky Birthstone: ज्योतिष शास्त्र में रत्नों के महत्व के बारे में बताया गया है। इसके अनुसार सभी रत्न किसी न किसी ग्रह से संबंधित होते हैं, जिन्हें राशि या कुंडली में चल रहे ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार धारण किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ रत्न ऐसे भी होते हैं जो आपके जन्म महीने से जुड़े होते हैं। इसे जन्म का पत्थर या बर्थस्टोन भी कहा जाता है। बर्थ मंथ के अनुसार इन रत्नों को धारण करने से भाग्य और भविष्य पर इसका शुभ प्रभाव पड़ता है।

साल के 12 महीने में जन्मे लोगों के लिए अलग-अलग महीने के अनुसार अलग-अलग बर्थस्टोन होते हैं। जानते हैं आपके जन्म के महीने के अनुसार कौन सा रत्न या बर्थस्टोन आपके लिए शुभ फलदायी होगा। इन रत्नों को धारण करने से आपकी कई तरह की परेशानियां भी दूर होती है। वहीं कुछ रत्न तो इतने प्रभावी माने जाते हैं जो आपकी किस्मत भी बदल सकते हैं।

जनवरी- गार्नेट (Garnet Gemstone)

साल के पहले महीने यानी जनवरी में जन्मे लोगों के लिए गार्नेट रत्न लकी माना जाता है। इसे रक्तमणि या तामड़ा भी कहते हैं। जनवरी माह में जन्मे लोगों का व्यक्तित्व अंतमुर्खी और वफादार होता है। इस रत्न को धारण करने से व्यक्ति नकारात्मक विचारों से दूर रहता है।

फरवरी-एमेथिस्ट (Amethyst)

फरवरी माह में जन्म लेने वाले लोगों का व्यक्तित्व आध्यात्मिक और भावुकता वाला होता है। इस माह में जन्मे लोगों के लिए एमेथिस्ट रत्न शुभ होता है। इस रत्न को धारण करने से आपका भाग्योदय होगा और हर कार्य में सफलता भी हासिल होगी।

मार्च- एक्वामरीन (Aquamarine stone)

मार्च महीने में जन्मे लोगों का व्यक्तित्व मिलनसार और आकर्षक होता है। इस माह में जन्मे लोगों के लिए एक्वामरीन रत्न बहुत भाग्यशाली माना जाता है। इस स्टोन को पहनने से आपको लाभ होगा। इसके माध्यम से आप अपनी भावनाओं को व्यक्त करने में सक्षम होंगे।

अप्रैल- हीरा (Diamond)

ऐसे लोग जिनका जन्म अप्रैल महीने में हुआ है,उनके लिए डायमंड रत्न सबसे शुभ होता है। इस महीने में जन्मे लोग बहुत वफादार होते हैं। ये जिनसे प्यार करते हैं उनके लिए प्रतिबद्ध भी रहते हैं।

मई- पन्ना (Panna)

पन्ना हरे रंग का बहुत खूबसूरत रत्न होता है। मई में जन्म लेने वाले लोगों के लिए यह लकी रत्न साबित होता है। इस रत्न को धारण करने से आप उदार हृदय वाले व्यक्ति बन जाते हैं।

जून- मोती (Pearl)

ऐसे लोग जिनका जन्म जून महीने में हुआ है उनका बर्थस्टोन मोती है। जून में जन्मे लोग अच्छे व्यक्तित्व के धनी कहलाते हैं। इस रत्न को धारण करने से आपके व्यक्तित्व में निखार आता है।

जुलाई- रूबी

साल के सातवें माह यानी जुलाई महीने में जन्मे लोगों के लिए रूबी लकी बर्थस्टोन होता है। इसे पहनने से आपको मित्रता और रिश्ते निभाने में मदद मिलती है।

अगस्त- पेरिडॉट (Peridot )

अगस्त में जन्मे लोगों का लकी बर्थस्टोन पेरिडॉट होता है। इस स्टोन को धारण करने से आपके गुण और कार्यक्षमता में वृद्धि आती है।

सितंबर- नीलम

सितंबर महीने में जन्म लेने वाले लोगों का व्यक्तित्व उच्च आत्मविश्वासी होता है। इस माह में जन्मे लोगों का लकी बर्थस्टोन सेफायर या नीलम होता है।

अक्टूबर- ओपल (Opal )

ओपल रत्न दुधिया पत्थर की तरह होता है। अक्टूबर माह में जन्म लेने वालों का यह लकी बर्थस्टोन होता है। इस रत्न को पहनने से आपके व्यक्तित्व में निखार आता है।

नवंबर- पुखराज

कहा जाता है कि नवंबर माह में जन्मे लोग बहुत खास होते हैं। इनका बर्थस्टोन पुखराज होता है। इस रत्न को धारण करने से नए विचारों को अपनाने में मदद मिलती है।

दिसंबर-फिरोजा (Turquoise)

फिरोजा रत्न दिसंबर माह में जन्म लेने वाले लोगों का बर्थस्टोन होता है। इस माह में जन्मे लोग शर्मीले स्वभाव के होते हैं। इस रत्न को धारण करने वाले लोगों को उनके दयालु और प्रेमपूर्ण स्वाभाव के लिए जाना जाता है।

डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्‍स नाउ नवभारत इसकी पुष्‍ट‍ि नहीं करता है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article