अध्यात्म

Monthly Horoscope August 2026 : गेम चेंजर साबित होगा अगस्त 2026, इन 7 राशियों बदल जाएगी लाइफ

August 2026 Monthly Horoscope : अगस्त 2026 में कई बड़े ग्रह अपनी चाल में परिवर्तन करने जा रहे हैं। ऐसे में आइए मासिक राशिफल से जानते हैं कि यह महीना आपके लिए कैसा रहेगा?

Image

Monthly Horoscope August 2026 अगस्त 2026 का मासिक राशिफल

August 2026 Monthly Horoscope : अगस्त 2026 का महीना ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महीने की शुरुआत में सूर्य और गुरु कर्क राशि में, शुक्र कन्या और केतु सिंह राशि में, शनि मीन राशि में, मंगल वृषभ राशि में तथा बुध मिथुन राशि में गोचर कर रहे हैं। वहीं, 1 अगस्त को चंद्रमा कुंभ राशि में रहेंगे। चंद्रमा लगभग सवा दो दिन में राशि परिवर्तन करते हैं, इसलिए पूरे महीने ग्रहों की स्थिति में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा।

इस महीने का सबसे बड़ा ग्रह परिवर्तन 17 अगस्त 2026 को होगा, जब सूर्य अपनी स्वराशि सिंह में प्रवेश करेंगे और अगले 30 दिनों तक वहीं विराजमान रहेंगे। सूर्य का यह गोचर कई राशियों के लिए करियर, पद, प्रतिष्ठा और आत्मविश्वास में वृद्धि कराने वाला माना जा रहा है।

अगस्त में होंगे ये बड़े ग्रह गोचर

अगस्त 2026 में कई महत्वपूर्ण ग्रह गोचर होने वाले हैं, जिनका ज्योतिषीय दृष्टि से विशेष महत्व रहेगा। महीने की शुरुआत में 1 अगस्त को शुक्र कन्या राशि में प्रवेश करेंगे, जबकि 2 अगस्त को मंगल मिथुन राशि में गोचर करेंगे। इसी दिन राहु धनिष्ठा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इसके बाद 5 अगस्त को बुध कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। 16 अगस्त को सूर्य सिंह राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे सूर्य अपनी स्वराशि में आ जाएंगे। इसके बाद 19 अगस्त को गुरु अश्लेषा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और 20 अगस्त को शनि रेवती नक्षत्र में प्रवेश करेंगे।

वहीं, 21 अगस्त को शुक्र और 22 अगस्त को बुध राशि परिवर्तन करेंगे। महीने के अंत में 31 अगस्त को सूर्य कन्या नहीं बल्कि सिंह राशि में रहते हुए पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इन प्रमुख ग्रह गोचरों के साथ अगस्त में बुध, शुक्र, मंगल, गुरु, शनि, सूर्य और राहु की नक्षत्र एवं राशि स्थिति में बदलाव देखने को मिलेगा, जिसका प्रभाव अलग-अलग राशियों के करियर, व्यापार, धन, पारिवारिक जीवन और रिश्तों पर पड़ सकता है।

भगवान शिव की आराधना के लिए प्रमुख है श्रावण मास

अगस्त माह में पवित्र श्रावण मास भी चल रहा है। ज्योतिषाचार्य सुजीत जी महाराज के अनुसार यह ऐसा पावन समय है, जिसमें श्रद्धा के साथ भगवान शिव की उपासना करने से पूरे वर्ष के ग्रहों की शुभता प्राप्त की जा सकती है। 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा का विशेष पर्व भी मनाया जाएगा।

मान्यता है कि भगवान शिव प्रारब्ध कर्मों के प्रभाव को भी कम करने की क्षमता रखते हैं। इसलिए इस पूरे महीने शिव पूजा का विशेष महत्व रहेगा। यदि संभव हो तो प्रतिदिन शिव मंदिर जाकर शिवलिंग का जलाभिषेक करें। यदि मंदिर जाना संभव न हो तो घर पर पार्थिव शिवलिंग बनाकर उनका पूजन करें। भगवान शिव को चावल, पुष्प और बेलपत्र पर सुगंधित इत्र लगाकर "ॐ नमः शिवाय" मंत्र के साथ अर्पित करें।

जो लोग किसी रोग या स्वास्थ्य समस्या से परेशान हैं, वे नियमित रूप से महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें। यदि श्रद्धा से भगवान शिव की आराधना की जाए तो कई राशिगत उपायों की आवश्यकता भी नहीं पड़ती है। आइए जानते हैं कि सभी 12 राशि वालों के लिए अगस्त 2026 का महीना कैसा रहने वाला है।

मेष राशि (Aries August 2026 Monthly Horoscope)

अगस्त 2026 मेष राशि वालों के लिए करियर में आगे बढ़ने का महीना साबित हो सकता है। नौकरी में प्रगति के नए रास्ते खुलेंगे और लंबे समय से रुके हुए कार्य पूरे होने लगेंगे। विशेष रूप से 17 अगस्त के बाद सूर्य के प्रभाव से कार्यक्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

यदि आप नौकरी बदलने की योजना बना रहे हैं तो 16 अगस्त से 25 अगस्त के बीच का समय सबसे अधिक अनुकूल रहेगा। इस दौरान नई नौकरी या पद परिवर्तन के प्रयास सफल हो सकते हैं।

व्यापार करने वाले लोगों को मित्रों और सहयोगियों का पूरा साथ मिलेगा। किसी पुराने परिचित के सहयोग से व्यवसाय में लाभ मिलने की संभावना है। स्वास्थ्य भी पूरे महीने पहले की तुलना में बेहतर रहेगा।

शुभ रंग: पीला व सफेद

उपाय: प्रत्येक मंगलवार व शनिवार को सुन्दरकाण्ड का पाठ करें।

भाग्य प्रतिशत: 70%

वृषभ राशि (Taurus August 2026 Monthly Horoscope)

वृष राशि वालों के लिए अगस्त का महीना लाभदायक रहने की संभावना है। मीन राशि में शनि का गोचर किसी बड़े आर्थिक लाभ या महत्वपूर्ण सफलता का संकेत दे रहा है। यदि आप नया वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं तो इस महीने परिस्थितियां आपके पक्ष में बन सकती हैं।

हालांकि, 8 अगस्त से 12 अगस्त के बीच स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। इस दौरान छोटी-मोटी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां सामने आ सकती हैं। धार्मिक यात्रा के योग भी बन रहे हैं, जिससे मानसिक शांति और आध्यात्मिक लाभ मिलेगा।

शुभ रंग: आसमानी व हरा

उपाय: हनुमान चालीसा का 7 बार पाठ करें।

भाग्य प्रतिशत: 65%

मिथुन राशि (Gemini August 2026 Monthly Horoscope)

मिथुन राशि वालों के लिए अगस्त 2026 कई शुभ अवसर लेकर आएगा। बुध और शुक्र का गोचर आपके लिए विशेष लाभकारी रहेगा। विद्यार्थियों के लिए 16 अगस्त के बाद का समय बेहद अनुकूल रहेगा। पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे परिणाम मिलने की संभावना है।

आर्थिक मामलों में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। लंबे समय से बनाई गई योजनाएं अब सफल होने लगेंगी। 17 अगस्त के बाद नौकरी में रुका हुआ धन मिलने या आर्थिक लाभ मिलने के संकेत हैं।

शुभ रंग: नीला व सफेद

उपाय: प्रतिदिन सुन्दरकाण्ड का पाठ करें तथा प्रत्येक शनिवार तिल का दान करें।

भाग्य प्रतिशत: 60%

कर्क राशि (Cancer August 2026 Monthly Horoscope)

कर्क राशि वालों के लिए अगस्त का महीना नौकरी और सरकारी कार्यों में सफलता देने वाला रहेगा। 15 अगस्त से 26 अगस्त के बीच किसी विशेष पद को लेकर प्रयास सफल हो सकते हैं। विद्यार्थियों को भी इस दौरान पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलने के योग हैं।

लंबे समय से रुके हुए सरकारी कार्य पूरे हो सकते हैं। सूर्य से संबंधित उपाय करना आपके लिए विशेष लाभकारी रहेगा। पिता का आशीर्वाद भी इस महीने आपके लिए सौभाग्य लेकर आएगा।

शुभ रंग: पीला व सफेद

उपाय: प्रतिदिन सुन्दरकाण्ड का पाठ करें। गुड़ और मसूर दाल का दान करें तथा पिता का आशीर्वाद अवश्य लें।

भाग्य प्रतिशत: 75%

सिंह राशि (Leo August 2026 Monthly Horoscope)

सिंह राशि वालों के लिए अगस्त 2026 का सबसे शुभ समय 17 अगस्त के बाद शुरू होगा, क्योंकि इस दिन सूर्य अपनी ही राशि सिंह में प्रवेश करेंगे। इससे नौकरी, व्यवसाय, मान-सम्मान और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल सकती है।

यदि आप नौकरी में हैं तो पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। व्यवसाय में भी अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। राजनीति से जुड़े लोगों को कुंभ राशि में स्थित शनि का विशेष लाभ मिल सकता है। सामाजिक प्रतिष्ठा और प्रभाव में भी वृद्धि होगी।

इस पूरे महीने भगवान शिव के साथ-साथ मां दुर्गा की उपासना करना आपके लिए अत्यंत शुभ रहेगा।

शुभ रंग: नारंगी व लाल

उपाय: प्रतिदिन गेहूं का दान करें तथा भगवान शिव और मां दुर्गा की नियमित पूजा करें।

भाग्य प्रतिशत: 70%

कन्या राशि (Virgo August 2026 Monthly Horoscope)

अगस्त 2026 का महीना कन्या राशि वालों के लिए करियर और आर्थिक मामलों में धीरे-धीरे सफलता दिलाने वाला रहेगा। यदि लंबे समय से नौकरी में कोई महत्वपूर्ण कार्य अटका हुआ है तो इस महीने उसके पूरे होने की प्रबल संभावना है। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत रंग लाएगी और वरिष्ठ अधिकारी भी आपके काम की सराहना कर सकते हैं।

14 अगस्त से 26 अगस्त के बीच आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर हो सकती है। आय के नए स्रोत बनने के साथ-साथ रुका हुआ धन मिलने की भी संभावना रहेगी। वहीं 16 अगस्त के बाद सूर्य का सिंह राशि में और गुरु का कर्क राशि में गोचर धन लाभ के नए अवसर प्रदान करेगा।

18 अगस्त से 28 अगस्त के बीच धार्मिक और मांगलिक कार्यों में भाग लेने का अवसर मिल सकता है। परिवार के साथ किसी धार्मिक आयोजन या पूजा-पाठ में शामिल होने के योग भी बन रहे हैं। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए भी यह समय प्रगति देने वाला रहेगा। पिता का सम्मान करना और उनका आशीर्वाद लेना इस महीने आपके लिए विशेष शुभ रहेगा, क्योंकि इससे सूर्य का सकारात्मक प्रभाव बढ़ेगा।

शुभ रंग: नीला व हरा

उपाय: प्रतिदिन पिता का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें तथा सप्तश्लोकी दुर्गा का 9 बार पाठ करें।

भाग्य प्रतिशत: 60%

तुला राशि (Libra August 2026 Monthly Horoscope)

तुला राशि वालों के लिए अगस्त का महीना नौकरी और व्यवसाय दोनों क्षेत्रों में उन्नति लेकर आ सकता है। 17 अगस्त के बाद सूर्य का एकादश भाव में गोचर करियर में नए अवसर प्रदान करेगा। यदि आप प्रमोशन या नई जिम्मेदारी की प्रतीक्षा कर रहे हैं तो आपकी इच्छा पूरी हो सकती है।

14 अगस्त से 25 अगस्त के बीच नौकरी में पदोन्नति के मजबूत योग बन रहे हैं। कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा और आपकी कार्यशैली की सराहना होगी। व्यापार करने वाले लोगों को शुक्र और मंगल का विशेष लाभ मिलेगा। व्यवसाय में विस्तार और मुनाफे की संभावना है। मित्रों का सहयोग भी पूरे महीने आपके लिए लाभदायक रहेगा। धन का खर्च शुभ और आवश्यक कार्यों पर होगा।

शुभ रंग: आसमानी व हरा

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा करें।

भाग्य प्रतिशत: 65%

वृश्चिक राशि (Scorpio August 2026 Monthly Horoscope)

वृश्चिक राशि वालों के लिए अगस्त 2026 करियर में नई उपलब्धियां लेकर आ सकता है। इस समय बुध और सूर्य का प्रभाव आपके लिए शुभ रहेगा। 17 अगस्त के बाद उच्च अधिकारियों का सहयोग मिलेगा और नौकरी में प्रगति के अवसर बढ़ेंगे।

यदि आप आईटी, बैंकिंग या कॉर्पोरेट क्षेत्र में कार्यरत हैं तो पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। व्यवसाय करने वाले लोगों को भी अच्छे परिणाम मिलेंगे और आर्थिक स्थिति पहले से मजबूत होगी। इस महीने धार्मिक यात्रा के योग भी बन रहे हैं। परिवार के साथ किसी तीर्थ स्थान की यात्रा करने का अवसर मिल सकता है।

शुभ रंग: नारंगी व सफेद

उपाय: नियमित रूप से श्रीसूक्त का पाठ करें तथा तिल का दान करें।

भाग्य प्रतिशत: 55%

धनु राशि (Sagittarius August 2026 Monthly Horoscope)

धनु राशि वालों के लिए अगस्त का महीना मिश्रित लेकिन लाभदायक रहने की संभावना है। इस समय गुरु अष्टम भाव में तथा शनि चतुर्थ भाव में गोचर कर रहे हैं। इसके बावजूद व्यवसाय में नए अवसर मिल सकते हैं और कोई नया प्रस्ताव आपके सामने आ सकता है।

आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और आय में बढ़ोतरी के संकेत हैं। नौकरी करने वाले लोगों को नई जिम्मेदारी या नया पद मिलने की संभावना है। 17 अगस्त से 25 अगस्त के बीच लंबे समय से रुका हुआ धन मिलने के योग भी बन रहे हैं। यदि आप नया व्यवसाय शुरू करने की योजना बना रहे हैं तो अनुभवी लोगों की सलाह लेकर आगे बढ़ना लाभदायक रहेगा।

शुभ रंग: पीला व सफेद

उपाय: प्रत्येक गुरुवार अन्न का दान करें तथा भगवान विष्णु की नियमित पूजा करें।

भाग्य प्रतिशत: 60%

मकर राशि (Capricorn August 2026 Monthly Horoscope)

मकर राशि वालों के लिए अगस्त 2026 नौकरी और व्यवसाय दोनों क्षेत्रों में लाभ देने वाला रहेगा। राशि स्वामी शनि मीन राशि में द्वितीय भाव में रहकर आर्थिक मामलों को मजबूत करेंगे। वहीं गुरु और मंगल का सहयोग भी सफलता दिलाने में मदद करेगा।

यदि आप नौकरी में हैं तो कार्यक्षेत्र में सम्मान बढ़ेगा और आय में वृद्धि के अवसर मिल सकते हैं। व्यवसाय करने वालों को नए ग्राहकों और लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। इस महीने अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना आपके लिए विशेष आवश्यक रहेगा। मीठी भाषा आपके संबंधों को मजबूत करेगी और कार्यों में सफलता भी दिलाएगी।

शुभ रंग: आसमानी व सफेद

उपाय: प्रतिदिन भगवान विष्णु की पूजा करें तथा सात प्रकार के अन्न का दान करें। मीठी वाणी का प्रयोग करें।

भाग्य प्रतिशत: 65%

कुंभ राशि (Aquarius August 2026 Monthly Horoscope)

कुंभ राशि वालों के लिए अगस्त का महीना व्यवसाय और पारिवारिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा। गुरु और सूर्य का गोचर आपके लिए अनुकूल रहेगा। विशेष रूप से 17 अगस्त के बाद सूर्य के सिंह राशि में प्रवेश करने से व्यापार में उम्मीद से अधिक सफलता मिलने की संभावना है।

महीने के पहले सप्ताह में घर के निर्माण, मरम्मत या संपत्ति से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण कार्य शुरू हो सकता है। स्वास्थ्य भी पहले की तुलना में बेहतर रहेगा और मानसिक तनाव कम होगा। यदि आप व्यापार का विस्तार करना चाहते हैं तो यह समय आपके लिए अनुकूल साबित हो सकता है।

शुभ रंग: हरा व सफेद

उपाय: भगवान शिव की नियमित पूजा करें। प्रत्येक शनिवार तिल और अन्न का दान करें।

भाग्य प्रतिशत: 60%

मीन राशि (Pisces August 2026 Monthly Horoscope)

मीन राशि वालों के लिए अगस्त 2026 का महीना व्यवसाय और आर्थिक मामलों में अच्छी प्रगति कराने वाला रहेगा। गुरु का पंचम भाव में प्रभाव तथा शनि का आपकी ही राशि में गोचर नए कार्यों की शुरुआत कराने में मदद करेगा। यदि आप नया व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं तो अवसर मिल सकते हैं।

हालांकि, 7 अगस्त से 16 अगस्त के बीच स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी। खान-पान और दिनचर्या में लापरवाही से बचें। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए समय लाभदायक रहेगा। लंबे समय से रुके हुए गृह निर्माण या संपत्ति संबंधी कार्यों में भी प्रगति हो सकती है। आर्थिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी और परिवार में खुशियों का माहौल बना रहेगा।

शुभ रंग: नारंगी व लाल

उपाय: प्रतिदिन श्रीसूक्त का पाठ करें।

भाग्य प्रतिशत: 70%

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Sujeet jee Maharaj
सुजीत जी महाराजauthor

सुजीत जी महाराज ज्योतिष और वास्तु विज्ञान एक्सपर्ट हैं जिन्हें 20 वर्षों का ज्योतिष, तंत्र विज्ञान का अनुभव हासिल हैं। 25000 से ऊपर लेख देश के कई बड़े पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं और कई बड़े पुरस्कार भी प्राप्त कर चुके हैं जिसमें ,एक अमेरिका के संस्था से भी प्राप्त है। यह गणित के साथ फलित ज्योतिष पर भी पकड़ रखते हैं और ज्योतिष के क्षेत्र में इन्हें कई सम्मान मिल चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article