Money Laundering Case: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बीकानेर के अलफुरकान एजुकेशनल ट्रस्ट (AET) के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद सादिक उर्फ सादिक खान को धनशोधन मामले (PMLA) में गिरफ्तार किया है। इसके बाद सादिक खान को जयपुर की एक विशेष कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की कस्टडी में भेजा गया है।
ईडी ने एक बयान जारी कर बताया कि जयपुर जोनल ऑफिस यूनिट ने बुधवार को सादिक खान को गिरफ्तार किया और फिर गुरुवार को विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आगे की जांच के लिए सादिक खान को 6 दिसंबर तक तीन दिन की ईडी कस्टडी में भेजा है।
सादिक पर क्या है आरोप
बकौल ईडी, सादिक खान पर ट्रस्ट के नाम पर मिलने वाली दान राशि का दुरुपयोग करने का आरोप है। साथ ही सादिक पर अवैध कारोबार, विदेश कट्टरपंथी संगठनों से संपर्क और धार्मिक कट्टरता फैलाने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोप लगे हैं। ईडी के मुताबिक, सादिक की गिरफ्तारी ट्रस्ट और धार्मिक कामों की आड़ में चल रही गैरकानूनी गतिविधियों के नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
ED ने कब शुरू की जांच?
बकौल ईडी, केंद्रीय एजेंसी ने राजस्थान पुलिस द्वारा दर्ज की गई दो प्राथमिकी और कुछ अन्य भरोसेमंद जानकारियों के आधार पर जांच शुरू की, जिसमें आरोप है कि सादिक कट्टरता, दवा, मतांतरण, विभिन्न विदेशी कट्टरपंथी संगठनों से संबंधित गतिविधियों के साथ ही अपने और अपने परिवार के सदस्यों के बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन में शामिल था। पुलिस एफआईआर और चार्जशीट में आरोपी पर हत्या की कोशिश और अवैध हथियारों के इस्तेमाल के आरोप भी लगाए गए हैं।
