इस दुनिया में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं, जिन्हें देखकर ऐसा लगता है जैसे धरती पर स्वर्ग उतर आया हो लेकिन आज हम आपको जिस जगह के बारे में बताने जा रहे हैं। वह बहुत ही खास जगह है और इसकी खूबसूरती किसी जादू से कम नहीं है, तो चलिए जानते धरती पर स्थित इस जादुई जगह के बारे में, जिसे देखने के बाद आप भी मंत्रमुग्ध हो जाएंगे।
हम बात कर रहे हैं ब्राजील के लेन्कोइस मारनहेन्सेस नेशनल पार्क (Lencois Maranhenses National Park) की। जो इस पूरी दुनिया में काफी अनोखी और एकदम अलग जगह है। यहां एक तरफ हरियाली तो दूसरी तरफ सफेद रेत के टीलों का समुद्र नजर आता है। यह नजारा देख ऐसा लगता है जैसे प्रकृति ने दो अलग-अलग दुनिया को आपस में जोड़ दिया हो।
इस जगह पर जो सबसे हैरानी की बात है, वह ये है कि यहां आपको इस बड़े से रेगिस्तान के बीच-बीच में मीठे पानी के झील भी दिख जाएंगे। मतलब दुनिया का यह ऐसा अजूबा है, जहां रेगिस्तान के बीच में पानी ही पानी है। मतलब यहां रेत है इसलिए इसे रेगिस्तान कहते हैं लेकिन यहां रेगिस्तान जैसा कोई माहौल नहीं है। जहां हम रेगिस्तान में सिर्फ सूखा देखते हैं, वहीं यहां पानी और जीवन भी मौजूद है।
बता दें कि यह जगह ब्राजील के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित है। यहां दूर-दूर तक फैली सफेद रेत की ऊंची-नीची पहाड़ियां (ड्यून) दिखाई देती हैं। बारिश के मौसम में इन रेत के बीच-बीच में साफ नीले और हरे रंग के पानी के छोटे-छोटे झील बन जाते हैं। यही पानी के झील इस जगह को खास बनाते हैं।
आप सोच रहे होंगे कि रेगिस्तान में भला पानी आ रहा से रहा है? दरअसल, यहां हर साल जून से सितंबर के बीच अच्छी बारिश होती है। रेत के नीचे एक खास परत होती है, जो पानी को जमीन के अंदर जाने नहीं देती। इसी वजह से पानी रेत के बीच जमा हो जाता है और सुंदर झीलों का रूप ले लेता है।
यहां का नजारा इतना खूबसूरत होता है कि लोग इसे दुनिया का सबसे अनोखा रेगिस्तान भी कहते हैं। यह ऊपर से देखने पर ऐसा लगता है जैसे सफेद चादर पर नीले रंग के धब्बे लग गए हों। इस जगह पर अक्सर पर्यटक आते रहते हैं। यहां लोग तैराकी, फोटोग्राफी और घूमने का पूरा आनंद लेते हैं। खासकर बारिश के बाद का समय यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है।
यह जगह सिर्फ देखने में ही सुंदर नहीं है, बल्कि यहां कई तरह के जीव-जंतु भी पाए जाते हैं। कुछ मछलियां तो ऐसी हैं जो सूखे मौसम में रेत के नीचे छिपकर जिंदा रहती हैं और बारिश आते ही फिर से सक्रिय हो जाती हैं। यह प्रकृति का एक अद्भुत चमत्कार है। अगर आपको कभी मौका मिले, तो इस जगह को जरूर देखना चाहिए। यहां घूमने का अनुभव आपको जिंदगी भर याद रहेगा।