हिमाचल प्रदेश में स्थित स्पीति घाटी अपने अद्वितीय बौद्ध मठों के लिए पर्यटकों को खासा आकर्षित करती है। शहर की भागम-भाग से दूर पर्यटक यहां शांति के 2 पल बिताने के लिए आते हैं। इस बार आपको 11वीं सदी में बने स्पीति के सबसे बड़े और पुराने मठ का दौरा करना चाहिए।
हम बात कर रहे हैं Kee मठ की जो एक तिब्बती बौद्ध मठ है। 4,166 मीटर की ऊंचाई पर एक पहाड़ी की चोटी पर स्थित ये मठ किले जैसी दिखने वाली अपनी विशिष्ट वास्तुकला और आध्यात्मिक महत्व के लिए फेमस है।
पहाड़ी पर स्थित स्पीति नदी के किनारे से पूरी घाटी का विहंगम दृश्य देखना आपको मंत्रमुग्ध कर देगा। ध्यान और आत्मिक शांति के अलावा ये जगह फोटोग्राफी के शौकीन पर्यटकों के लिए भी आदर्श है।
स्पीति घाटी में सबसे बड़े और सबसे पुराने मठों में से एक Kee मठ का कनेक्शन गेलुग्पा संप्रदाय से है। यह मठ लामाओं के लिए एक धार्मिक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करता है जहां लगभग 250 से 300 भिक्षु रहते हैं।
स्पीति की राजधानी काजा से सड़क मार्ग से यहां पहुंचा जा सकता है, जो लगभग 12 किमी दूर है। यहां से ड्राइव करना अपने आप में लुभावना है नजारा होता है सीधे शब्दों में समझें तो मंजिल से ज्यादा आपको सफर खूबसूरत लगेगा।
काजा से सड़क मार्ग यात्रा के दौरान आपको घुमावदार सड़कें, ऊंचे पहाड़, सुनसान परिदृश्य और नदी के किनारों से घिरी हुई अद्भुत दुनिया के दीदार होंगे। साहसिक यात्रियों की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए ये जगह जन्नत से कम नहीं है।