'चलो भाई बैंकॉक घूमने चलते हैं' ये वाक्य आपने खुद या फिर अपने किसी जानकर को जरूर कहते हुए सुना होगा। बैंकॉक का पर्यटन चरम पर है और हर साल लाखों भारतीयों को ये लुभा रहा है। बैंकॉक सिर्फ यूं ही नहीं पार्टी हब बना है इसके पीछे दिलचस्प कहानी है जो आपको जरूर पता होनी चाहिए।
अमेरिका ने वियतनाम युद्ध के दौरान हजारों सैनिकों को थाईलैंड भेजा था। कुछ सैनिक छुट्टी मनाने के लिए आते थे और कुछ युद्ध से जुड़े सपोर्ट कामों के लिए बैंकॉक में सिलोम और सथॉर्न में रहते थे।
छुट्टी पर आए सैनिकों के लिए मनोरंजन की जगह मिल सके इसके लिए पटपोंग नाइट मार्केट की शुरुआत 1960 के दशक में हुई थी। तभी से धीरे-धीरे यह इलाका काफी मशहूर होता चला गया।
जेम्स बॉन्ड की फिल्मों में थाईलैंड की लोकेशन दिखना और बोइंग 747 विमान की शुरुआत- कुछ ऐसे बड़े बदलाव जो 1970 के दशक में हुए थे उनका फायदा थाईलैंड को मिला था। इन वजहों से थाईलैंड दुनिया भर के टूरिस्ट्स के बीच फेमस होने लगा था।
वियतनाम युद्ध तो खत्म हो गया लेकिन उसके बाद भी कई अमेरिकी सैनिक थाईलैंड में ही बस गए थे। उस समय बैंकॉक की एक छोटी सी गली (सोई) में अमेरिकी सैनिक टीजी काउबॉय एडवर्ड्स ने एक बार खोला। आज ये जगह सोई काउबॉय के नाम से जानी जाती है।
1980 के दशक में नाना प्लाजा भी सामने आया जो धीरे-धीरे बैंकॉक की नाइटलाइफ का एक बड़ा नाम बन गया। इस तरह देखा जाए तो वियतनाम युद्ध, विदेशी सैनिकों की मौजूदगी और बाद में आए टूरिज्म बूम ने मिलकर बैंकॉक की नाइटलाइफ को चमकाने का काम किया है।
बैंकॉक की नाइटलाइफ के लिए सबसे मशहूर जगह खाओ सान रोड है। यहां पर्यटकों को काफी खुलापन मिलता है जिसके चलते वो जमकर बिना किसी रोकटोक के शानदार नाइटलाइफ एन्जॉय करते हैं।