अब यूजर्स को डेटा के बिना भी सस्ते प्लान मिलेंगे। यानी अगर आप सिर्फ कॉल और मैसेज इस्तेमाल करते हैं, तो आपको ज्यादा पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे।
TRAI ने प्रस्ताव दिया है कि जिस भी वैलिडिटी (जैसे 28 दिन, 84 दिन, 365 दिन) में डेटा प्लान उपलब्ध है, उसी वैलिडिटी में Voice+SMS प्लान भी देना होगा। इससे यूजर्स को ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
अब तक यूजर्स को मजबूरी में डेटा वाला प्लान लेना पड़ता था, भले ही उन्हें उसकी जरूरत न हो। नए नियम से यह समस्या खत्म हो जाएगी।
TRAI के मुताबिक, कम आय वाले और ग्रामीण इलाकों के यूजर्स के पास अभी सस्ते और छोटे वैलिडिटी वाले प्लान की कमी है। इस नए प्रस्ताव से उन्हें अपनी जरूरत के हिसाब से छोटे रिचार्ज करने की सुविधा मिलेगी। खासतौर पर फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले और बुजुर्गों के लिए यह काफी फायदेमंद साबित होगा।
TRAI ने पाया कि मौजूदा Voice+SMS प्लान की कीमतें डेटा हटाने के बाद भी ज्यादा थीं। यानी कंपनियों ने डेटा हटाया, लेकिन कीमत उसी हिसाब से कम नहीं की। इससे यूजर्स को पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा था।
नए नियम के तहत सभी Voice और SMS प्लान को कंपनियों को अपनी वेबसाइट, एप, रिटेल स्टोर और कस्टमर केयर पर साफ-साफ दिखाना होगा। इससे यूजर्स आसानी से सही प्लान चुन सकेंगे।
यह अभी ड्राफ्ट स्टेज में है और TRAI ने 28 अप्रैल 2026 तक लोगों से सुझाव मांगे हैं। इसके बाद इसे लागू किया जा सकता है।