आईपीएल ऑक्शन का आयोजन एक बार फिर होने जा रहा है और सभी टीमें और उनके फैंस पैसों के इस रोमांचक आयोजन को देखने के लिए उत्साहित हैं। कौन बिकेगा सबसे महंगा, किस खिलाड़ी को कोई नहीं खरीदेगा, ऐसे कई सवाल मन में रहेंगे। इन्हीं सवालों के बीच हम आपको ले जा रहे हैं 19 साल पहले साल 32008 में हुई आईपीएल की पहली नीलामी की उस हकीकत से रूबरू कराने जिसके दो किरदार थे आज के सबसे बड़े क्रिकेटर्स विराट कोहली और रोहित शर्मा।
आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी का आयोजन अबु धाबी में 16 दिसंबर को होगा। ये एक मिनी ऑक्शन यानी छोटी नीलामी होगी जहां सिर्फ 350 खिलाड़ियों की बोली लगनी है। इनमें भी अधिकतम 77 खिलाड़ी ही बिक सकेंगे, जो कि सभी 10 टीमों के खाली स्लॉट हैं।
हथौड़े की एक धमक पर खिलाड़ी का किसी टीम द्वारा खरीद लेने का ऐलान, फिर अगर बड़ी रकम में खिलाड़ी बिका है तो तालियों की गड़गड़ाहट, ये सब कुछ शुरू हुआ था 2008 में इंडियन प्रीमियर लीग के पहले सीजन से पहले हुई खिलाड़ियों की नीलामी से, जिसने कई खिलाड़ियों की तकदीर बदल दी थी।
आज बेशक धोनी को नियमों के हिसाब से अनकैप्ड घोषित करते हुए सिर्फ 4 करोड़ रुपये की अधिकतम सैलरी तक सीमित कर दिया गया है, लेकिन पहली आईपीएल नीलामी में धोनी ही सबसे महंगे क्रिकेटर बने थे। साल 2007 में उनकी अगुवाई में भारत ने पहला टी20 विश्व कप जीता था इसलिए डिमांड और ज्यादा थी। उस ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी को 6 करोड़ रुपये में खरीदा था और फिर वो हमेशा के लिए CSK के होकर रह गए।
आज भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े सितारों, विराट कोहली और रोहित शर्मा की पहली आईपीएल सैलरी में बहुत बड़ा अंतर था। आज बीसीसीआई उनको एक ग्रेड की सैलरी दे रही है लेकिन पहले आईपीएल ऑक्शन में ये दरार काफी बड़ी थी। रोहित की सैलरी विराट से तकरीबन 184 फीसदी ज्यादा थी।
विराट कोहली की पहली IPL सैलरी सबसे चौंकाने वाला किस्सा है। जब आईपीएल 2008 की नीलामी में विराट कोहली की बोली लगी थी, तब वो भारत को अपनी कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप जिताकर लौटे थे, बस इतनी ही पहचान थी उनकी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने उन पर दांव खेला और सिर्फ 12 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया।
भारत के एक और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा। वो भी आईपीएल की पहली नीलामी के दौरान युवा प्रतिभाओं में शुमार थे और कुछ हद तक पहचान के मामले में उनका कद विराट से बड़ा था क्योंकि रोहित 2007 की उस टी20 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे जिसने धोनी की कप्तानी में खिताब जीतकर इतिहास रचा था। उनको पहले आईपीएल ऑक्शन में डेक्कन चार्जर्स टीम ने 3 करोड़ रुपये में खरीदा था।
किसी को क्या पता था कि आज जिस विराट को पहले आईपीएल के लिए 12 लाख रुपये और रोहित को 3 करोड़ मिले थे, वो दोनों ही आगे चलकर भारत के कप्तान बनेंगे और अपनी-अपनी टीमों को आईपीएल चैंपियन बनता भी देखेंगे। रोहित ने 5 बार मुंबई को चैंपियन बनाया तो विराट का 18 साल बाद आईपीएल 2025 में आरसीबी को ट्रॉफी उठाते देखने का सपना पूरा हुआ। आईपीएल 2026 में जहां विराट कोहली की सैलरी 21 करोड़ रुपये होगी, वहीं मुंबई इंडियंस के सबसे अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा की सैलरी तकरीबन 16.30 करोड़ रुपये होगी। वो भी तब जब ये दोनों ही खिलाड़ी टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। यानी अब विराट की सैलरी रोहित से तकरीबन 25 फीसदी ज्यादा है।