घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया में जगह बनाने में असफल रहे गायकवाड़ लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और इस बार उन्होंने बतौर सिक्सर किंग विजय हजारे में अपना नाम दर्ज करा लिया।
घरेलू क्रिकेट में एक के बाद एक रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले रुतुराज गायकवाड़ को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में मौका नहीं दिया गया। वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज का हिस्सा थे, जहां उन्होंने अपने वनडे करियर का पहला शतक भी लगाया था। लेकिन श्रेयस अय्यर की वापसी ने सेलेक्टर्स को उन्हें बाहर रखने पर मजबूर कर दिया।
साल 2025 के बाद से रुतुराज गायकवाड़ शानदार लय में हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में 2025 के बाद से रुतुराज गायकवाड़ 12 पारी में 59.2 की औसत से 592 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं।
रुतुराज गायकवाड़ ने लिस्ट ए का अपना आखिरी मुकाबला शनिवार को मुंबई के खिलाफ खेला जहां उन्होंने 52 गेंद में 66 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर महाराष्ट्री ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 366 रन बनाए और फिर मुंबई को 238 पर ऑलआउट कर 128 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
रुतुराज ने विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन इस टूर्नामेंट में अपने 100 छक्के पूरे कर लिए। अब उनके नाम 57 मैच की 55 पारी में 105 छक्के हो गए हैं। वह विजय हजारे ट्रॉफी में 100 या इससे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे जबकि महाराष्ट्र के पहले बल्लेबाज हैं।
रुतुराज गायकवाड़ विजय हजारे में सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने केवल 55 पारी में यह मुकाम हासिल कर लिया जबकि पहले नंबर पर रहने वाले मनीष पांडे के नाम 99 पारी में 108 छक्के हैं।
रुतुराज गायकवाड़ जब आखिरी बार भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेले थे तो उन्होंने अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में गायकवाड़ ने उन्होंने 83 गेंद में 105 रन की पारी खेली थी, हालांकि, इस मुकाबले में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था।