रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने सिर्फ तीन खिलाड़ियों को रिटेन किया है और बाकी सभी खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया गया है। ऐसे में उनको तीन RTM कार्ड का वरदान मिला है जिसका इस्तेमाल वो आईपीएल नीलामी में कर सकते हैं, अपने पुराने खिलाड़ियों को वापस खरीदने के लिए। कौन होंगे ये खिलाड़ी आपको बताते हैं।
इस बार 24-25 नवंबर को जब सबसे बड़ी आईपीएल नीलामी होगी तो उसमें भारी संख्या में दुनिया भर के क्रिकेटर बिकने के लिए उपलब्ध रहेंगे। टीमों के पास भी अच्छा खासा बजट होगा जिससे वो अपनी टीमें फिर से खड़ी कर सकें। फैंस को बेसब्री से इस नीलामी का इंतजार है।
अब तक एक बार भी आईपीएल खिताब ना जीत पाने का दुख रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के दिल में घर करता जा रहा है, इसलिए उन्होंने इस बार सिर्फ तीन खिलाड़ियों को रिटेन किया है क्योंकि वो नए सिरे से टीम तैयार करके मजबूती से 2025 में खिताब की तरफ बढ़ना चाहते हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने सिर्फ विराट कोहली (21 करोड़), रजत पाटीदार (11 करोड़) और यश दयाल (5 करोड़) को रिटेन किया है। इसके साथ ही उनका बजट है 83 करोड़ और साथ ही 3 RTM कार्ड भी, जिनके जरिए वो रिलीज किए गए अपने खिलाड़ियों में से किन्हीं तीन चेहरों को नीलामी के बीच में भी वापस खरीद सकते हैं। जिन 3 खिलाड़ियों की वापसी की पूरी उम्मीद है, उनके नाम आपको भी बताते हैं।
पिछले आईपीएल सीजन में सबसे तेज शतक जड़ते हुए कई रिकॉर्ड्स बनाने वाले इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स को आरसीबी ने रिलीज कर दिया है, लेकिन वो इस खिलाड़ी को खोना नहीं चाहेंगे और RTM के जरिए हस्तक्षेप करके वो उनको वापस जरूर लाने वाले हैं।
जब आरसीबी की रिटेंशन लिस्ट जारी हुई तो सब हैरान थे क्योंकि टीम के प्रमुख भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को रिलीज कर दिया गया था। वो विराट कोहली के खास खिलाड़ी रहे हैं। इसलिए दूसरा RTM कार्ड वो सिराज के लिए इस्तेमाल करेंगे।
तेजतर्रार युवा बल्लेबाज महिपाल लोमरोर को आरसीबी ने रिलीज तो कर दिया है लेकिन उनकी काबीलियत से वो वाकिफ हैं। रणजी ट्रॉफी में नाबाद 300 रन की पारी खेलकर महिपाल ने नीलामी से पहले सबको रिझाने का काम किया है, लेकिन आरसीबी पक्का उन्हें ऐसी पारी के बाद जाने नहीं देगी और उनके लिए तीसरे RTM का इस्तेमाल करेगी।