रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम का आईपीएल 2025 में नया कप्तान कौन होगा इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। इसी बीच टीम के एक पूर्व बल्लेबाज ने सुझाव देते हुए इशारा भी दे दिया है कि बैंगलोर की टीम किसे इस सीजन में अपना नया कप्तान घोषित कर सकती है। यहां जानिए उनके बारे में।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अपने नाम में बेंगलुरू लगाकर भी देख लिया लेकिन फिर भी उनकी किस्मत उनको पिछले सीजन में ट्रॉफी तक नहीं ले जा पाई। पिछले 17 सालों से पहली ट्रॉफी का संघर्ष जारी है। अब इस बार वे मेगा नीलामी में ऐसी टीम तैयार करना चाहेंगे जो उनका ये अधूरा सपना पूरा करे।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आरसीबी का नया कप्तान कौन होगा क्योंकि अपने पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस का टीम ने साथ छोड़ दिया है। केएल राहुल से लेकर ऋषभ पंत तक, तमाम नाम चर्चा में हैं जिनको आरसीबी नीलामी में खरीदकर कप्तान बनाने का इरादा रखती है, लेकिन क्या यही सच्चाई है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए आईपीएल इतिहास में कई यादगार पारियां खेलने वाले पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने कहा है कि दो साल बाद अब टीम को नया कप्तान चाहिए और वो 31 साल के रजत पाटीदार को ये जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। रजत उन खिलाड़ियों में है जो कप्तानी करने में सक्षम है और टीम को आगे ले जा सकता है।
रॉबिन उथप्पा ने जो बात कही है क्या ये सिर्फ एक सुझाव है या फिर अंदर की बात है। क्योंकि आरसीबी ने सिर्फ तीन ही खिलाड़ियों को रिटेन किया है जिसमें विराट कोहली (21 करोड़) के बाद दूसरे नंबर पर रजत पाटीदार (11 करोड़) का नाम है। वहीं तीसरे नंबर पर यश दयाल (5 करोड़) को रिटेन किया है। तो क्या रणनीति पहले से बन चुकी है।
दाएं हाथ के तेजतर्रार बल्लेबाज और पार्ट टाइम स्पिनर रजत पाटीदार का जन्म 1 जून 1993 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। उन्होंने आईपीएल 2022 के एलिमिनेटर मैच में लखनऊ के खिलाफ 54 गेंदों में 112 रनों की पारी खेलकर सबका दिल जीत लिया था और तब से वो टीम का अहम हिस्सा बन चुके हैं।
वैसे रजत पाटीदार को कप्तान बनाया गया तो ये एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला होगा। फिलहाल लंबे समय से जिस खिलाड़ी को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है वो हैं केएल राहुल जो लखनऊ की टीम से अलग हो चुके हैं और कहा जा रहा है कि बैंगलोर उनको खरीदकर कप्तान बना सकती है। राहुल बैंगलोर से ही हैं और आरसीबी के पूर्व खिलाड़ी भी।