आईपीएल 2025 के लिए आरसीबी की सबसे अच्छी खरीद की बात करें तो वह भुवनेश्वर कुमार हैं। भुवी अपने साथ इस स्क्वॉड में अपार अनुभव लेकर आएंगे। सिराज के जाने के बाद एक अनुभवी भारतीय गेंदबाज का स्क्वॉड में होना बेहद जरूरी था और आरसीबी की यह बाय एक दम सही है।
आईपीएल इतिहास की बात करें तो भुवी सबसे सफल भारतीय तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने इस लीग में 176 मैच में 181 विकेट चटकाए हैं। शुरुआती ओवरों में स्विंग गेंदबाजी के साथ-साथ डेथ ओवर में भी गेंदबाजी का हुनर रखते हैं।
आरसीबी की दूसरी अच्छी खरीद इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज फिल सॉल्ट हैं। ओपनिंग करने के साथ-साथ सॉल्ट विकेटकीपिंग भी करते हैं। पिछले सीजन केकेआर के लिए पावरप्ले में जो काम उन्होंने किया था वह इस बार आरसीबी के लिए करते नजर आएंगे।
सॉल्ट आरसीबी को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाने में उपयोगी साबित हो सकते हैं। हो सकता है कि वह विराट के साथ पारी की शुरुआत करें और अगर ऐसा हुआ था फैंस के लिए यह किसी ट्रीट से कम नहीं होगा।
आरसीबी की तीसरी सबसे अच्छी खरीद मिडिल ऑर्डर विस्फोटक बल्लेबाज लियाम लिविंग्स्टन हैं। विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करने वाले लिविंग्सटन आरसीबी के लिए बतौर फिनिशर बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं।